भोपाल: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर अपनी मुहिम तेज कर दी है। सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दौरान उन्होंने ऐलान किया कि चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रपति को आवेदन भेजेंगे। इसके लिए उन्होंने आम लोगों से भी समर्थन मांगा है। दिग्विजय सिंह ने मुहिम से जुड़ने के लिए मोबाइल नंबर जारी करते हुए लोगों से मिस्ड कॉल देने की अपील की है।
दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा इन दिनों अशोकनगर जिले के ग्रामीण इलाकों से गुजर रही है। यात्रा उत्तर प्रदेश की सीमा की ओर बढ़ रही है। इस दौरान उन्होंने भरियाखेड़ी, भिखली, तारई और ललोई समेत कई गांवों में लोगों से मुलाकात कर जनसंवाद किया। इसके बाद यात्रा का काफिला प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल थूबोनजी पहुंचा, जहां रात्रि विश्राम किया गया।
मतपत्र से चुनाव कराने की भी मांग
यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रपति को भेजे जाने वाले आवेदन की प्रमुख मांगें सामने रखीं। इनमें निष्पक्ष चुनाव कराने, आगामी चुनाव ईवीएम के बजाय मतपत्रों से कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग शामिल है।
इसके अलावा राम मंदिर के चंदे में कथित भ्रष्टाचार के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी आवेदन में शामिल की गई है। इन मुद्दों पर जनसमर्थन जुटाने के लिए 8982121282 मोबाइल नंबर जारी किया गया है। दिग्विजय सिंह ने लोगों से इस नंबर पर मिस्ड कॉल देकर अपनी सहमति दर्ज कराने की अपील की है।
जैन समाज ने मुख्यमंत्री रहते किए सहयोग को याद किया
थूबोनजी अतिशय क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में जैन समाज के पदाधिकारियों ने दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान किए गए सहयोग का उल्लेख किया। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि अमरकंटक में जैन मंदिर निर्माण के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण सहयोग दिया था। वहीं, मक्सी में जैन समाज से जुड़े विवाद का भी मुख्यमंत्री रहते हुए कम समय में समाधान कराया था। पदाधिकारियों ने इन कार्यों के लिए उनके प्रति आभार जताया।
ये भी पढ़ें: बेगमगंज में डायल 112 हादसे का शिकार, मसूर से भरी खड़ी पिकअप में घुसा पुलिस वाहन; पायलट पर लापरवाही का आरोप
यात्रा में शामिल हुए कंप्यूटर बाबा
थूबोनजी में रात्रि विश्राम के दौरान संत कंप्यूटर बाबा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में दिगम्बर जैन संतों की तपस्या, त्याग और साधना की सराहना की गई। दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस मार्ग से गुजरने पर वे थूबोनजी तीर्थ क्षेत्र में रुककर संतों का आशीर्वाद जरूर लेते हैं। इस दौरान जैन समाज के पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

