Wednesday, November 18, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsअमेरिका में तकनीकी संकट: NSA से लेकर Apple-Google की सेवाएं प्रभावित, हजारों...

अमेरिका में तकनीकी संकट: NSA से लेकर Apple-Google की सेवाएं प्रभावित, हजारों उड़ानों पर असर

वाशिंगटन। अमेरिका में लगातार सामने आ रही तकनीकी गड़बड़ियों ने सरकारी सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बैंकिंग, विमानन और डिजिटल सेवाओं तक को प्रभावित कर दिया है। एक के बाद एक हुए इन व्यवधानों से लाखों लोग परेशान हुए। राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NSA) का गोपनीय आंतरिक नेटवर्क एनएसएनेट ऑफलाइन हो गया, वहीं जेपी मॉर्गन चेज की ऑनलाइन बैंकिंग और एपल की कई प्रमुख सेवाओं में रुकावट आई। गूगल की जीमेल और सर्च सेवाओं में भी यूजर्स को लॉगइन और कनेक्टिविटी संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार, भारतीय समयानुसार मंगलवार रात करीब 10 बजे तकनीकी गड़बड़ियों की शिकायतें तेजी से बढ़ने लगीं। एक घंटे के भीतर शिकायतों की संख्या 1,500 से 2,000 तक पहुंच गई। माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं भी 70 से अधिक देशों में प्रभावित हुईं। विमानन क्षेत्र में एफएए के सिस्टम की खराबी से करीब 10 हजार उड़ानों पर असर पड़ा, जबकि यूनाइटेड एयरलाइंस की उड़ानों में भी देरी हुई।

रखरखाव के दौरान बंद हुआ NSA का गोपनीय नेटवर्क

अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी का आंतरिक नेटवर्क एनएसएनेट मंगलवार को तकनीकी खराबी के कारण ऑफलाइन हो गया। इस नेटवर्क का इस्तेमाल एजेंसी के कर्मचारी गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए करते हैं। अमेरिकी रक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, निर्धारित रखरखाव और नियमित सिस्टम पैचिंग के दौरान कुछ आंतरिक सिस्टम प्रभावित हुए। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण क्षमताएं चालू रहीं और एजेंसी की सुरक्षा संबंधी कार्यक्षमता पर असर नहीं पड़ा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह तकनीकी गड़बड़ी थी, साइबर हमला नहीं।

एपल के आईक्लाउड और एपल पे में भी परेशानी

दुनिया की प्रमुख टेक कंपनी एपल की सेवाएं भी तकनीकी व्यवधान से अछूती नहीं रहीं। कंपनी ने स्वीकार किया कि आंतरिक सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण आईक्लाउड, एपल पे, एपल म्यूजिक, एपल कार्ड और ऐप स्टोर जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं। कई यूजर्स अपने खातों में लॉगइन नहीं कर पाए। कंपनी के अनुसार, ज्यादातर सेवाएं बहाल कर दी गईं और शेष समस्याओं को दूर करने का काम जारी रहा। कंपनी ने साइबर हमले की आशंका से इनकार किया।

बैंकिंग से लेकर विमानन तक प्रभावित

जेपी मॉर्गन चेज के सिस्टम में सॉफ्टवेयर बग के कारण ग्राहकों को बैंक बैलेंस देखने, भुगतान करने और रकम ट्रांसफर करने में परेशानी हुई। इसका असर दूसरे बैंकों के उन ग्राहकों पर भी पड़ा, जिनके लेन-देन इस बैंक से जुड़े थे।

वहीं, यूनाइटेड एयरलाइंस के विमानों के वजन और संतुलन की गणना करने वाले सिस्टम में खराबी से उड़ानों के प्रस्थान में देरी हुई। इससे पहले 13 नवंबर को संघीय विमानन प्रशासन (FAA) के राउटर में खराबी के कारण हवाई यातायात कई घंटे प्रभावित रहा और करीब 10 हजार उड़ानों पर असर पड़ा।

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में 70 से अधिक देशों में व्यवधान

माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक, टीम्स और कोपायलट सेवाओं में भी 12 नवंबर से तकनीकी समस्याएं सामने आईं। कंपनी ने सॉफ्टवेयर और नेटवर्क संबंधी खामियों को इसका कारण बताया। दूसरी ओर, गूगल की जीमेल और सर्च सेवाओं में भी यूजर्स ने परेशानी की शिकायत की।

अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन के मुताबिक, इन प्रमुख तकनीकी घटनाओं में साइबर हमले के सबूत नहीं मिले हैं। साथ ही, अलग-अलग घटनाओं के बीच किसी साझा संबंध की भी पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, लगातार हो रही इन गड़बड़ियों ने अमेरिका के पुराने तकनीकी ढांचे, डिजिटल सुरक्षा और ऑनलाइन सेवाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन