तेहरान। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के युद्धविराम संबंधी दावों के बीच अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की है। मंगलवार रात अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित ईरान के केशम द्वीप पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के मिसाइल लॉन्च ठिकानों को निशाना बनाया। इस कार्रवाई से पहले से तनावग्रस्त पश्चिम एशिया में टकराव और बढ़ने की आशंका पैदा हो गई है।
अल जजीरा के मुताबिक, एक अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने हमले की पुष्टि करते हुए इसे आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बताया। अधिकारी के अनुसार, ईरान की ओर से अमेरिकी सैनिकों और सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई के जवाब में अमेरिकी विमानों ने मिसाइल लॉन्च साइट पर हमला किया।
अमेरिका ने ड्रोन हमले नाकाम करने का दावा किया
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बहरीन स्थित अमेरिकी एयरबेस के रडार सिस्टम की दिशा में कई ड्रोन भेजे थे। अमेरिकी सेना ने सभी ड्रोन को बीच में ही रोक दिया। इस घटना में अमेरिकी सैन्य उपकरणों और कर्मियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
उधर, ईरानी मीडिया ने केशम द्वीप के स्थानीय अधिकारी के हवाले से दावा किया कि वहां अमेरिका ने कई हमले किए, लेकिन बुनियादी ढांचे को नुकसान नहीं हुआ।
होर्मुज में जहाजों की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
होर्मुज जलडमरूमध्य में भी सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं। हाल के दिनों में इस क्षेत्र में कम से कम पांच जहाजों को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं। ईरान ने जहाजों को चेतावनी दी है कि वे जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए अमेरिका की ओर से बताए गए रास्तों का इस्तेमाल न करें। ईरान ने यह दावा भी किया है कि उसने अलग-अलग घटनाओं में अमेरिका के दो ड्रोन मार गिराए हैं।
इस बीच कतर के विदेश मंत्रालय ने ईरानी अधिकारियों के साथ बैठक की घोषणा की है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में मध्यस्थता के प्रयासों को आगे बढ़ाना है।
रासायनिक हथियारों से हमले की योजना का आरोप खारिज
दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिकी खुफिया रिपोर्टों में लगाए गए उन आरोपों को खारिज किया है, जिनमें कहा गया था कि तेहरान ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को रासायनिक हथियारों या डर्टी बम से निशाना बनाने की योजना बना रहा है।
विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने इन खबरों को निराधार बताया। उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि ईरान खुद रासायनिक हथियारों का बड़ा पीड़ित रहा है।
दरअसल, सीएनएन ने अमेरिकी खुफिया सूत्रों के हवाले से संभावित हमले की योजना और लक्ष्यों की जानकारी जुटाए जाने की खबर दी थी। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि किसी तत्काल हमले के संकेत नहीं मिले हैं। ईरान ने इन आरोपों को संघर्ष के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश बताया है।

