विदिशा: मंगलवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विदिशा पहुंचकर अटल बिहारी वाजपई मेडिकल कॉलेज में भर्ती दुष्कर्म पीड़ित से मुलाकात की। तो वहीं तोपपुरा में हुए नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर वह पीड़िता के निवास पर मुलाकात कर उसके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। इसके बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और प्रशासनिक कार्य प्रणाली को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और प्रशासन भाजपा नेताओं के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र और प्रदेश दोनों जगह सत्ता में है इसके बावजूद भाजपा के विधायकों को अपनी ही सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है। यह स्थिति सरकार के कामकाज और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
केंद्रीय कृषि मंत्री और भाजपा जनप्रतिनिधियों पर भी साधा निशाना
पटवारी ने केंद्रीय कृषि मंत्री एवं विदिशा सांसद द्वारा पीड़िता के मामले में कार्रवाई के लिए फोन किए जाने और उस बातचीत की रील सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। आखिर इस तरह की रील प्रसारित कर भाजपा नेता जनता को क्या संदेश देना चाहते हैं। उनका कहना था कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना जनप्रतिनिधियों और भाजपा के नेताओं की जिम्मेदारी है न कि अपनी सक्रियता का प्रचार करना। जनप्रतिनधि जनता को गुमराह करने का काम कर रहे है। अपनी ही सरकार में कानून व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन करना और फिर उसका राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश करना जनता के सामने उनकी जवाबदेही का सवाल खड़ा करता है।
ये भी पढ़ें: वेलिंगटन में 58 साल से टेस्ट में जीत का इंतजार, तेज हवाओं के बीच आज न्यूजीलैंड से भिड़ेगा भारत
अपराधी की कोई जाति और धर्म नहीं, कठोर कार्रवाई हो
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने स्पष्ट कहा कि बेटियों के खिलाफ अपराध करने वाला व्यक्ति किसी भी जाति, धर्म या वर्ग का हो, अपराधी की कोई जाति और धर्म नहीं होता, आरोपी केवल आरोपी होता है और उसके खिलाफ कानून के अनुसार तत्काल कार्यवाई होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में पुलिस को बिना किसी भेदभाव के तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए थी, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन भाजपा के जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय अपनी ही सरकार में प्रदर्शन कर झूठी वाहवाही लूटने का दिखावा कर रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता सुशील शर्मा ने बताया की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का विदिशा दौरा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, नाबालिग बच्चियों के साथ हो रही दुष्कर्म की घटनाओं, जिले में बढ़ते अपराध और नशे की समस्या के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओ पर हुई कार्रवाई प्रमुख मुद्दे रहे। उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था दुरुस्त करने, पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और अपराधियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान काग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी, पूर्व सांसद प्रताप भानु शर्मा, पूर्वविधायक निशंक जैन, कमल सिलाकारी, रणधीर सिंह, आनंद प्रताप सिंह, पंकज जैन सहित अनेक वरिष्ठ नेतागण उपस्थित थे।

