भोपाल: बर्ड फ्लू के खतरनाक वायरस H5N1 से मुर्गियों और पोल्ट्री उद्योग को बचाने के लिए भोपाल के वैज्ञानिकों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
वैज्ञानिकों ने देश का पहला स्वदेशी बर्ड फ्लू टीका विकसित किया है। इस वैक्सीन से पोल्ट्री उद्योग को बर्ड फ्लू के संक्रमण से बचाने में मदद मिल सकती है।
यह उपलब्धि देश में वैक्सीन अनुसंधान और पोल्ट्री क्षेत्र की सुरक्षा के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
ICAR-NIHSAD ने टीका किया तैयार
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) ने यह टीका वायरस के क्लेड 2.3.2.1a के खिलाफ तैयार किया है। इसकी एक खुराक से मुर्गियों को छह महीने तक सुरक्षा मिलेगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भोपाल स्थित संस्थान परिसर में इसे लॉन्च करेंगे।
यह निष्क्रिय टीका है
यह निष्क्रिय (Inactivated) टीका है। इसके परीक्षणों में अंडा देने वाली और प्रजनन के लिए पाली जाने वाली मुर्गियों में अच्छे परिणाम मिले हैं। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से पोल्ट्री फार्मों में लेयर्स और ब्रीडर्स मुर्गियों के टीकाकरण के लिए किया जाएगा। अब तक भारत में इस वायरस स्ट्रेन के खिलाफ व्यावसायिक उपयोग के लिए स्वदेशी टीका उपलब्ध नहीं था।
दूसरे देशों के टीके भारतीय वायरस के लिए कारगर नहीं थे
चीन, मिस्र और वियतनाम जैसे देशों में भी बर्ड फ्लू के टीके विकसित किए गए हैं। हालांकि, ये वहां पाए जाने वाले वायरस के अलग-अलग क्लेड के आधार पर तैयार किए गए हैं। भारत में H5N1 का क्लेड 2.3.2.1a मुर्गियों के लिए गंभीर चुनौती रहा है। भोपाल के वैज्ञानिकों ने इसी वायरस स्ट्रेन को ध्यान में रखकर स्वदेशी टीका तैयार किया है।
ये भी पढ़ें: भाजपा शासन में बेटियों की सुरक्षा पर बड़ा सवालः जीतू पटवारी
पशु चिकित्सकों की देखरेख में होगा टीकाकरण
इस टीके का इस्तेमाल व्यावसायिक पोल्ट्री फार्मों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। तय मानकों के अनुसार पशु चिकित्सकों और प्रशिक्षित कर्मचारियों की देखरेख में मुर्गियों को इसकी खुराक दी जाएगी। इसका उद्देश्य बर्ड फ्लू के संक्रमण को रोकना और पोल्ट्री उद्योग को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करना है।

