Wednesday, November 18, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबालाघाट में कानून व्यवस्था की उड़ रही धज्जियां! अपराधियों के हौसले बुलंद,...

बालाघाट में कानून व्यवस्था की उड़ रही धज्जियां! अपराधियों के हौसले बुलंद, खून से लाल हो रही माटी

बालाघाट: जिले में लगातार सामने आ रही संगीन आपराधिक घटनाओं ने कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद होते नजर आ रहे हैं कि उनमें ना कानून का डर दिखाई दे रहा है और ना ही पुलिस की कार्रवाई का खौफ। कभी प्रेम संबंधों के नाम पर युवतियों की गला घोंटकर हत्या की जा रही है, तो कभी घरेलू विवाद में पत्नियों को मौत के घाट उतारकर वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश हो रही है। अब बुजुर्ग भी निशाने पर नजर आ रहे हैं। अक्टूबर-नवंबर महीने में सामने आए घटनाक्रमों ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

साक्षी डोहरे का शव मिलने से हड़कंप

रामपायली थाना क्षेत्र के बोदलकसा जंगल में 21 वर्षीय नर्स साक्षी डोहरे का शव मिलने के मामले ने पूरे जिले को झकझोर दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि शादी से इनकार करने पर उसके प्रेमी आकाश बाघमारे ने कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और वारदात को आत्महत्या बताने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं नवेगांव थाना क्षेत्र के बम्हनी गांव में निकिता पटले की हत्या का मामला भी सामने आया। आरोप है कि घरेलू विवाद के बाद पति ने पत्नी की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो। इस मामले में भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था।

कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए

इधर नवंबर माह में हुई खूनी वारदात ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए है। 15 नवंबर को कोतवाली थाना क्षेत्र के सरेखा अंडरपास के समीप पुराने ढाबे के खंडहरनुमा कमरे में 65 वर्षीय नरबदी बाई का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के सिर पर भारी वस्तु से गंभीर चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या की आशंका में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। महिला घर से करीब एक किलोमीटर दूर सुनसान स्थान पर कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब भी जांच का विषय है।

डूडेश्वर खोब्रागढ़े का अधजला शव मिलने से हड़कंप

इसी बीच लांजी थाना क्षेत्र के सोगलपुर गांव में 80 वर्षीय डूडेश्वर खोब्रागढ़े का अधजला शव घर के कमरे में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घर के कमरे में बुजुर्ग का शव जली हुई अवस्था में मिला। पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। इस मामले मे फिलहाल पुलिस हत्या, हादसे और आत्महत्या सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मे होगा।

17 नवंबर को रियांश चौहान का लहूलुहान शव मिला

17 नवंबर को हट्टा थाना क्षेत्र में लोहारा और परासपानी मार्ग के बीच 20 वर्षीय रियांश चौहान का लहूलुहान शव मिलने की घटना ने एक बार फिर जिले को दहला दिया। युवक का शव पूरी रात घटनास्थल पर पड़ा रहा। पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ जांच की, लेकिन मौत की वजह और परिस्थितियां स्पष्ट होना बाकी हैं। इन घटनाओं के अलावा बालाघाट की रहने वाली एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हालांकि यह घटना बालाघाट जिले के अधिकार क्षेत्र में नहीं आती, लेकिन सीमावर्ती इलाके में हुई इस वारदात ने भी लोगों को झकझोर दिया।

मानवता कलंकित होने वाली कई घटनाएं

इन घटनाओं के अलावा अन्य कुछ ऐसी घटनाएं भी हुई है, जिससे मानवता कलंकित हुई है। बालाघाट में 9 दिन में दो मर्तबा लावारिस हालात में नवजात शिशु मिले, जिसे मानवता तारतार हो गई। पुलिस उनके गुनेहगारों और माता-पिता को तलाश रही है। इसके अलावा पत्नी के डिलीवरी का खर्च उठाने के लिए लूट की मंशा लिए एक महिला की हत्या कर दी जाती है। हालांकि इस घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लेकिन इन तमाम घटनाओं के पीछे एक ही सवाल छूट जाता है कि आखिर पुलिस और कानून का खौफ कहां गायब हो गया है?

पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल

लगातार सामने आ रही इन खूनी घटनाओं के बीच सबसे बड़ा सवाल पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर है। क्या पुलिस की निगरानी व्यवस्था केवल दफ्तरों और चाय-सिगरेट के पानठेले तक सीमित रह गई है? क्या संवेदनशील इलाकों में मुखबिरों और पुलिस पेट्रोलिंग के जरिये अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है? आखिर अपराध होने के बाद ही पुलिस सक्रिय क्यों दिखाई देती है? पुलिस की जिम्मेदारी केवल शव बरामद करने, पंचनामा बनाने और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं हो सकती। अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना भी उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

ये भी पढ़ें: बर्ड फ्लू से इंसानों को मिलेगी सुरक्षा! भोपाल के वैज्ञानिकों ने बनाई देश की पहली स्वदेशी वैक्सीन

पुलिस प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती 

जिले में अपराध की इन घटनाओं ने पुलिस प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। पुलिस को सख्त व्यवस्था बनानी होंगी। क्युकी ख़ूनी वारदाते ही चुनौती नहीं है, बल्कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रो मे अलग अलग रंग के अपराध बढ़ रहे है। नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म से लेकर बेटियों के गायब होने के अपराधो का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। इन अपराधों से जुड़े सवाल उठना लाजिमी है कि जब अपराधियों को कानून का डर ही नहीं रहा, तो आम नागरिक आखिर अपनी सुरक्षा की उम्मीद किससे करें?

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन