मुंबई: शिवसेना की ओर से कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने प्रदर्शन को चर्चा में ला दिया।
बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किताब की प्रतियां फाड़ी जा रही थीं। इसी दौरान शिवसेना नेता शाइना एनसी ने गलती से पार्टी के संस्थापक बाल ठाकरे की तस्वीर भी फाड़ दी।
जब वहां मौजूद लोगों ने उन्हें इस गलती की ओर ध्यान दिलाया, तो शाइना एनसी झेंप गईं और रुक गईं। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
संजय राउत बोले- जहां भी ये लोग दिखें, इनकी पिटाई करो
इस पर शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने शिवसेना नेताओं पर बालासाहब ठाकरे के अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने X पर लिखा- जहां भी ये लोग दिखें, इनकी पिटाई करो।
दरअसल, शिवसेना सोनिया की किताब को बैन करने की मांग कर रही थी। पार्टी का आरोप है कि इस किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है।
ये भी पढे़ं: खैरा परिवार की अनूठी पहल, गुलाबगंज मुक्तिधाम में बनवाया लकड़ी-कंडे रखने का शेड
YSR कांग्रेस और BRS ने भी नाराजगी जताई
राजशेखर रेड्डी ने कांग्रेस को मजबूत किया: YSR कांग्रेस के सांसद मड्डिला गुरुमूर्ति ने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में वाईएस राजशेखर रेड्डी (YSR) के योगदान का जिक्र क्यों नहीं किया। YSR ने पदयात्रा के जरिए आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत किया था। उनकी वजह से 2004 और 2009 में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली और केंद्र में यूपीए सरकार बनाने में भी मदद मिली।
BRS- सोनिया के दिल में तेलंगाना के लिए कोई जगह नहीं: भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामा राव ने आरोप लगाया कि तेलंगाना के लिए सोनिया गांधी के दिल में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनिया की किताब में तेलंगाना का नाम तक नहीं है।

