भोपाल: महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में मेजबान भारत ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने मलेशिया को 4-1 से हराया। भारत की ओर से खान मुमताज, कप्तान सलीमा टेटे, पूजा साहू और लालरेमसियामी ने गोल किए। डेब्यू मैच में गोल करने वाली पूजा साहू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के पहले दिन चीन और जापान ने भी जीत दर्ज की।
मलेशिया ने बनाई बढ़त, भारत ने पलटा मैच
मुकाबले का पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। दूसरे क्वार्टर में मलेशिया ने 19वें मिनट में नुरामीराह जुल्किफ्ली के गोल से 1-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, भारतीय टीम ने तुरंत वापसी की। 19 मिनट 40 सेकंड पर खान मुमताज ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामक खेल दिखाया। कप्तान सलीमा टेटे ने 34 मिनट 32 सेकंड पर गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 38 मिनट 50 सेकंड पर पूजा साहू ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर स्कोर 3-1 कर दिया। चौथे क्वार्टर में 48 मिनट 25 सेकंड पर लालरेमसियामी ने चौथा गोल दागकर भारत की जीत पक्की कर दी।
भारत को मुकाबले में 13 पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि मलेशिया को एक भी मौका नहीं मिला। भारतीय टीम ने चार गोल के साथ मैच पर अपना दबदबा कायम रखा।
कोच बोले- खिलाड़ियों को एकाग्रता बढ़ानी होगी
भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन जीत से खुश दिखे, लेकिन उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार की जरूरत बताई। उनका कहना था कि पहले हाफ में टीम ने कई मौके गंवाए। खिलाड़ियों में एकाग्रता और ऊर्जा का स्तर उम्मीद के मुताबिक नहीं था।
मारिन ने कहा कि तीसरे और चौथे क्वार्टर में टीम ने बेहतर नियंत्रण बनाया। हालांकि, भारत को अपनी क्षमता के अनुसार खेलना होगा और विरोधी टीम के प्रदर्शन के हिसाब से नहीं चलना चाहिए। चीन को लेकर उन्होंने कहा कि अभी उसकी टीम का खेल नहीं देखा है, इसलिए उसे सबसे बड़ी चुनौती बताना जल्दबाजी होगी।
पूर्व ओलंपियन समीर दाद ने भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की क्षमता सुधारने पर जोर दिया। उनके मुताबिक, चीन और जापान जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ मौके गंवाना भारी पड़ सकता है।
चीन की 7-0 से बड़ी जीत, जापान ने कोरिया को हराया
पहले दिन चीन ने थाईलैंड को 7-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। चीन की ओर से फेंग किंगमियाओ और डेंग क्यूचान ने दो-दो गोल किए। वहीं, वेई किक्सियाओ, चेन युजुन और झांग हेयांग ने एक-एक गोल किया।
दूसरे मुकाबले में जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराया। मैच के शुरुआती तीन क्वार्टर गोलरहित रहे। आखिरी समय में 58 मिनट 59 सेकंड पर सैतो हानामी ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर जापान को जीत दिलाई।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में हिंसा भड़की, यूनुस के पुश्तैनी घर में लगाई आग; 28 जिलों में बम धमाके, 565 गिरफ्तार
28 नवंबर तक चलेगा टूर्नामेंट
भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। राउंड रॉबिन चरण में सभी टीमें एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी। इसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। मौजूदा चैंपियन भारत घरेलू मैदान पर खिताब बरकरार रखने के इरादे से उतरा है।

