Friday, November 20, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबांग्लादेश में हिंसा भड़की, यूनुस के पुश्तैनी घर में लगाई आग; 28...

बांग्लादेश में हिंसा भड़की, यूनुस के पुश्तैनी घर में लगाई आग; 28 जिलों में बम धमाके, 565 गिरफ्तार

ढाका: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी बंद के ऐलान के बाद हिंसा भड़क गई है। राजधानी ढाका समेत देश के 28 जिलों में देसी बम धमाकों, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। प्रदर्शनकारियों ने चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को आग के हवाले कर दिया। उनके ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में भी आगजनी की गई। इस बीच पुलिस ने ढाका में 24 घंटे के भीतर 565 लोगों को गिरफ्तार किया है।

हिंसा के बीच सरकार ने कई जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) को तैनात किया है। राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रमुख फ्लाईओवर तथा शहर में प्रवेश के रास्तों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।

अवामी लीग नेताओं की संपत्तियों पर भी हमले

ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों को निशाना बनाया गया। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कम से कम दो बीएनपी कार्यालयों और पार्टी के एक नेता के घर में भी आग लगाई गई। दूसरी ओर अवामी लीग के दो कार्यालयों और पार्टी नेताओं की पांच संपत्तियों में आगजनी की घटनाएं हुई हैं। पुलिस वाहनों की जांच कर रही है और संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों से पूछताछ की जा रही है।

हसीना की सजा की बरसी पर बंद का ऐलान

अवामी लीग ने शेख हसीना को मौत की सजा सुनाए जाने के फैसले की बरसी पर देशव्यापी बंद बुलाया है। पिछले साल विशेष ट्रिब्यूनल ने जुलाई 2024 के छात्र आंदोलन को दबाने के दौरान मानवता के खिलाफ अपराध के आरोप में हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी।

बंद के मद्देनजर पुलिस ने ढाका में 565 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रहे नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात को उनके घर से हिरासत में लिया गया।

यूनुस के कार्यकाल से अवामी लीग का टकराव

मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग किसने लगाई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, इस घटना को अवामी लीग और यूनुस के बीच राजनीतिक टकराव से जोड़कर देखा जा रहा है। अगस्त 2024 में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी। उनके कार्यकाल में अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाया गया और पार्टी के हजारों नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।

इसी दौरान हसीना के पिता और बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के ढाका स्थित आवास में भी प्रदर्शनकारियों ने आगजनी और तोड़फोड़ की थी। बाद में इस इमारत को ध्वस्त कर दिया गया। 1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़े कई स्मारकों को भी नुकसान पहुंचाया गया था।

यह भी पढ़ें: भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी, 1 से 25 दिसंबर तक चलेगा सेवा दूत अभियान

तारिक रहमान ने विपक्षी ताकतों से एकजुट होने को कहा

प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार रात राजनीतिक दलों और लोकतांत्रिक ताकतों से अवामी लीग की दोबारा सक्रियता रोकने के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने अवामी लीग को आतंकी संगठन और सत्ता से हटाई गई फासीवादी ताकत बताया।

संसद में संबोधन के दौरान तारिक ने कहा कि 2024 की तरह एक बार फिर एकजुट होकर ऐसी ताकतों को निर्णायक रूप से हराना होगा। उन्होंने बीएनपी सांसदों से अपने चुनाव क्षेत्रों में लौटकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय रहने को भी कहा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन