लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में CMS गोल्फ सिटी कैंपस में विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वायुसेना प्रमुख बनने के बाद पहली बार एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित लखनऊ पहुंचे। उनके साथ अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी मौजूद रहे।
एयर चीफ मार्शल ने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया
कार्यक्रम के दौरान दोनों ने छात्रों की ओर से तैयार की गई विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने अलग-अलग स्टॉल पर पहुंचकर विद्यार्थियों के मॉडल और प्रयोगों की जानकारी ली। इस दौरान छात्रों ने अपने प्रोजेक्ट के पीछे की सोच, तकनीक और उसके उपयोग के बारे में बताया।
विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी समझ देखने को मिली
विज्ञान मेले में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी समझ देखने को मिली। एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने छात्रों के साथ बातचीत भी की।
इस मौके पर विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उन्हें नए प्रयोगों के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
वहीं, वायुसेना प्रमुख बनने के बाद आशुतोष दीक्षित का अपने गृह शहर लखनऊ का यह पहला दौरा भी खास रहा। छात्रों के बीच उनकी और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की मौजूदगी ने विज्ञान मेले को खास बना दिया।
युवाओं को बड़े सपने देखने का संदेश दिया
इस दौरान आशुतोष दीक्षित ने युवाओं को बड़े सपने देखने, मेहनत करने और चरित्र मजबूत बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सिर्फ CV बनाने पर ध्यान न दें, बल्कि अपना चरित्र भी मजबूत बनाएं।
उन्होंने कहा कि फेल्योर इज नॉट द ऑपोजिट ऑफ सक्सेस। इट इज ऑफन पार्ट ऑफ द जर्नी टुवर्ड्स इट। टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल मानवता की तरक्की के लिए होना चाहिए। सिर्फ यह न सोचें कि हम क्या बना सकते हैं, बल्कि यह भी सोचें कि इससे किसे फायदा होगा? क्या यह सुरक्षित है? क्या यह सभी के लिए उचित है? बी गुड प्रोफेशनल्स, बट अबव ऑल, बी गुड ह्यूमन बीइंग्स।
ये भी पढ़ें: शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1800 अंक टूटा; निवेशकों के 5 लाख करोड़ रुपये डूबे
छात्रों के प्रयोगों को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा
CMS का दावा है कि छात्रों के प्रयोगों को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। इसके लिए Voyager Mixstix Microgravity Student Research Programme शुरू किया गया है। अर्थाइजन और इजराइल के राकिया मिशन के सहयोग से कक्षा 6 से 12 तक के छात्र प्रयोग तैयार करेंगे। चयनित प्रयोगों को 2027 में इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर आजमाया जा सकता है।

