कलेक्टर आदित्य सिंह बोले-उपार्जन-मिलिंग में नहीं चलेगी मनमानी
बालाघाट: जिले में धान उपार्जन और कस्टम मिलिंग को लेकर जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। बालाघाट स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यालय में अचानक कलेक्टर आदित्य सिंह लगभग 3 बजे अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ पहुंचे और कार्यालय का निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने संयुक्त कलेक्टर सुधीर जैन एवं बालाघाट एसडीएम गोपाल सोनी को नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यालय में चल रही अनियमितताओं की जांच करने के निर्देश देते हुए जांच दल का गठन किया। उक्त जांच दल द्वारा नान के कार्यालय में देर शाम तक जांच को आगे बढ़ाया गया और आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर आदित्य सिंह को सूचना प्राप्त हुई थी कि नागरिक आपूर्ति निगम बालाघाट के कार्यालय में नियम विरुद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे थे एवं राइस मिलर्स पर दबाव बनाकर धान आवंटन, कस्टम मिलिंग, अनुबंध तथा एफ.आर. के चावल के नाम पर अनैतिक कार्यों को अंजाम दिया जा रहा था, जिससे जिला प्रशासन की छवि धूमिल हो रही थी।

कलेक्टर को इस मामले की जैसे ही सूचना मिली, उन्होंने तत्काल सूचना के आधार पर औचक निरीक्षण कर जांच दल का गठन कर दिया, जिसमें मुख्य रूप से राइस मिलर्स को जारी धान के लॉट, मिलर्स द्वारा अनुपात में जमा किया गया चावल और अन्य दस्तावेजों की सूक्ष्मता से जांच करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर के औचक निरीक्षण से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अनियमितताएं, भ्रष्टाचार और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसी कर्मचारी या अधिकारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी तत्काल एक्शन लिया जाएगा।
कलेक्टर बालाघाट का यह स्पष्ट संदेश है कि जिला प्रशासन धान उपार्जन से लेकर कस्टम मिलिंग कार्य में सूक्ष्मता से नजर रखा हुआ है और यदि किसी भी उपार्जन केंद्र, राइस मिलर्स या बिचौलिए के साथ साठगांठ कर काम करने वाले अधिकारी या कर्मचारी द्वारा किसी भी तरह का गलत कृत्य करते पाया जाएगा तो उनके खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर बालाघाट ने स्पष्ट रूप से कहा है कि धान उपार्जन से कस्टम मिलिंग तक यदि किसी भी समिति या राइस मिलर्स को बिचौलिए या अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा परेशान किया जाता है या नियम विरुद्ध कार्य करने के लिए दबाव बनाया जाता है तो इसकी तत्काल सूचना कलेक्टर बालाघाट को दें।
यह भी पढ़ें:रामपायली में कलेक्टर का निरीक्षण, कार्तिक पूर्णिमा मेले में सुरक्षा-स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता पर दिया जोर
नागरिक आपूर्ति निगम बालाघाट के कार्यालय में चल रही जांच के संबंध में एसडीएम गोपाल सोनी ने बताया कि कलेक्टर बालाघाट के निर्देशन में उनके द्वारा अन्य अधिकारियों के साथ वित्तीय अनियमितता समेत अन्य मामलों की दस्तावेजी जांच की जा रही है और जांच वर्तमान में प्रगति पर है।

