वाराणसी: काशी में देव दीपावली का पर्व पूरे भव्यता और दिव्यता के साथ मनाया गया। 2100 ड्रोन के जरिए आसमान में शिव लीला दिखाई गई। गले में सर्प और त्रिशूल के साथ जटाओं से निकलती मां गंगा का दृश्य देखकर घाटों पर मौजूद लाखों लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
इससे पहले नमो घाट पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पहला दीप जलाकर आयोजन का शुभारंभ किया। इसके बाद 84 घाटों पर करीब 11 लाख दीये जलाए गए। सभी घाट दीयों की रोशनी से जगमगा उठे। इसके बाद हुई गंगा आरती में करीब 5 मिनट तक आतिशबाजी की गई।
40 देशों से पहुंचे मेहमान, 15 लाख पर्यटक
देव दीपावली देखने के लिए 40 देशों से मेहमान काशी पहुंचे हैं। कुल 15 लाख पर्यटकों ने इस भव्य आयोजन का साक्षी बनने के लिए काशी में डेरा डाला है। काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर नमो घाट और हरिश्चंद्र घाट तक आकर्षक सजावट की गई है। बबुआ पांडेय घाट पर दीयों से लिखा गया – ‘राधे-राधे कमल खिला दे।’
कंबोडिया से आईं जेसिका ने कहा – मुझे इतने बड़े उत्सव की उम्मीद नहीं थी। ग्रीस की एलेक्सिया ने कहा – भारत खूबसूरत और आध्यात्मिक देश है। हर किसी को जीवन में कम से कम एक बार काशी जरूर आना चाहिए।
ड्रोन शो में योगी-मोदी की तस्वीर देख लगे नारे
देव दीपावली पर आयोजित 2100 ड्रोन शो में आसमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर दिखाई गई। तस्वीर देखते ही घाटों पर मौजूद लोगों ने नारे लगाने शुरू कर दिए।
काशी विश्वनाथ धाम में जलाए 1 लाख दीप
काशी विश्वनाथ धाम में एक लाख दीप जलाए गए। रंग-बिरंगी रोशनी और दीपों से पूरा परिसर जगमगा उठा। ड्रोन कैमरे से धाम की भव्यता और दीपों की आकर्षक छटा दिखाई दी।
चेत सिंह घाट पर 25 मिनट का ‘काशी-कथा’ शो
चेत सिंह घाट पर 25 मिनट का ‘काशी-कथा’ शो आकर्षक रहा। गंगा में नावों पर सवार देसी-विदेशी पर्यटकों ने 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो देखा। ऐतिहासिक किले की दीवारों पर शिव-पार्वती विवाह, भगवान गणेश और मां गंगा से जुड़े प्रसंग दिखाए गए। शंखनाद और डमरू की गूंज के बीच सनातन संस्कृति का गौरव जीवंत हुआ।
लेजर शो में भगवान शिव के तांडव, विष्णु की लीला और शिव-पार्वती विवाह के दृश्य संगीत और रोशनी के साथ प्रस्तुत किए गए।
यह भी पढ़ें: बालाघाट: छुट्टी के दिन कलेक्टर का छापा, नागरिक आपूर्ति निगम में हड़कंप
विधायक नीलकंठ ने की गंगा आरती
शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने ललिता घाट पर मां गंगा की आरती उतारी और दीपदान किया। उन्होंने कहा कि लाखों दीप दुनिया को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का संदेश देते हैं।

