भोपाल: मध्यप्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने 169 वेटरनरी डॉक्टरों की पदोन्नति निरस्त कर दी है। विभाग ने 13 अगस्त को जारी पदोन्नति आदेश को 24 नवंबर को वापस लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों की प्रशासनिक आधार पर नई जगह अस्थायी पदस्थापना कर दी है। इस फैसले से उन अधिकारियों को झटका लगा है, जिन्हें प्रथम श्रेणी के पदों पर पदोन्नति दी गई थी।
दरअसल, विभाग में पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू से ही विवादों में घिरी हुई थी। 186 रिक्त पदों पर पदोन्नति के लिए 27 जुलाई को विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक हुई थी। समिति की अनुशंसा के बाद 13 अगस्त को 169 अधिकारियों को पदोन्नत करने के आदेश जारी किए गए थे। हालांकि, आदेश के बाद ही वरिष्ठता और आरक्षण के नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे थे।
186 पदों के लिए 543 अधिकारियों पर विचार करने का आरोप
सामान्य, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संस्था (सपाक्स) ने पदोन्नति प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से शिकायत की थी। संस्था का आरोप था कि 186 पदों के लिए नियमानुसार 376 अधिकारियों को ही विचार क्षेत्र में शामिल किया जाना चाहिए था, लेकिन विभाग ने वरिष्ठता सूची में 543वें क्रम तक के अधिकारियों पर विचार किया।
इसके अलावा करीब 30 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस के आधार पर पदोन्नति प्रक्रिया से बाहर रखने और आरक्षित व अनारक्षित पदों की गणना में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए गए थे। संस्था ने पूरी प्रक्रिया की समीक्षा कर पदोन्नति आदेशों पर पुनर्विचार करने की मांग की थी।
पदोन्नति पाने वाले वेटरनरी डॉक्टर भी पहुंचे थे हाईकोर्ट
पदोन्नति निरस्त किए जाने की आशंका के बीच वेटरनरी डॉक्टर्स एसोसिएशन ने हाईकोर्ट का रुख किया था। संगठन की मांग थी कि किसी भी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले उसका पक्ष सुना जाए।
सितंबर में हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने कहा था कि उस समय सरकार ने पदोन्नति आदेश निरस्त करने का कोई निर्णय नहीं लिया था। केवल आशंका के आधार पर न्यायिक हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता। हालांकि, कोर्ट ने यह छूट दी थी कि भविष्य में कोई प्रतिकूल आदेश जारी होने पर प्रभावित अधिकारी उसे चुनौती दे सकते हैं।
यह भी पढ़ें: लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान हादसे का मॉक ड्रिल, दमकल-एंबुलेंस दौड़ीं; 250 जवानों ने किया रेस्क्यू अभ्यास
प्रशासनिक आधार पर नई जगह भेजे गए अधिकारी
24 नवंबर को विभाग ने पदोन्नति आदेश निरस्त करने के साथ संबंधित अधिकारियों की अस्थायी पदस्थापना के आदेश भी जारी किए। इसके तहत डॉ. ममता सगर को मंदसौर के गरोठ, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह पेंड्रो को उमरिया के घुनघुटी, डॉ. जगवीर सिंह कनेश को खरगोन के धरगांव और डॉ. लोकेंद्र सिंह चौहान को महेश्वर के चल चिकित्सालय में पदस्थ किया गया है।
इसी तरह डॉ. नानासिंह अखाड़े को खरगोन के गोगावां, डॉ. कुंवरसिंह भयड़िया को अलीराजपुर के जोबट, डॉ. कन्हैयालाल डामोर को झाबुआ की मोबाइल यूनिट तथा डॉ. ज्योति मार्को और डॉ. कृति धुर्वे को मंडला के कुक्कुट गर्भाधान प्रशिक्षण संस्थान भेजा गया है।
डॉ. मानसिंह बामनिया को खरगोन के रोडिया स्थित पशु प्रजनन प्रक्षेत्र, डॉ. सुषमा शेलू को खंडवा के मूंदी, डॉ. कड़वा चौहान को खंडवा के रोग अनुसंधान केंद्र और डॉ. रमेश भूरिया को झाबुआ पशु चिकित्सालय में जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, डॉ. लीलाराम सिसोदिया को धार के धरमपुरी, डॉ. नितिन कुमार सीजर को नर्मदापुरम के केसला, डॉ. सुभाष चन्द्र खलना को खरगोन की डीआई लैब, डॉ. रविन्द्र नरें को सिवनी के धनौरा और डॉ. दीपलता माजी को राजगढ़ के मलावर भेजा गया है।
इसके अलावा डॉ. अमर ज्योति टोप्पो को रायसेन पशु चिकित्सालय, डॉ. प्रतीक्षा को नरसिंहपुर स्थित उपसंचालक कार्यालय और डॉ. कीर्ति को बैतूल के पाढर में पदस्थ किया गया है। विभाग के आदेश के मुताबिक सभी अधिकारी आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर काम करेंगे।

