भोपाल: मध्य प्रदेश में सहकारी संस्थाओं में चुनाव नहीं कराने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस के सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि 22 वर्षों से सहकारी संस्थाओं में चुनाव नहीं कराना लोकतंत्र की हत्या है। सरकार सहकारिता आंदोलन को सरकारी नियंत्रण में रखकर किसानों और सदस्यों के अधिकार छीन रही है।
द्विवेदी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सहकारी संस्थाओं का संचालन सदस्यों द्वारा चुने गए संचालक मंडल को करना चाहिए, लेकिन प्रदेश में वर्षों से सरकारी प्रशासक ही कब्जा जमाए बैठे हैं। यह सहकारिता के सिद्धांतों और लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है।
कहां-कब से नहीं हुए चुनाव?
द्विवेदी ने आंकड़े गिनाते हुए बताया –
- राज्य सहकारी बैंक, दुग्ध महासंघ, उपभोक्ता संघ, आवास संघ – 2004 से प्रशासक
- राज्य सहकारी बीज संघ -2005 से प्रशासक
- 38 जिला सहकारी बैंक – 2014 से प्रशासक
- करीब 5000 पैक्स और 450 विपणन समितियां – 2018 से प्रशासक
इतने लंबे समय तक चुनाव नहीं होना सहकारी व्यवस्था में लोकतांत्रिक जवाबदेही के अभाव को दर्शाता है।
किसानों की रीढ़ पर चोट
द्विवेदी ने कहा कि सहकारी संस्थाएं सिर्फ प्रशासनिक इकाइयां नहीं हैं। ये किसानों, ग्रामीणों और आम सदस्यों की आर्थिक और सामाजिक भागीदारी का सबसे बड़ा माध्यम हैं। पैक्स और जिला सहकारी बैंक तो किसानों की आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ हैं।
इनमें निर्वाचित प्रतिनिधियों के नहीं होने से सदस्यों का हक कमजोर हुआ है और सहकारिता आंदोलन का मूल उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है।
97वें संशोधन की अनदेखी
उन्होंने कहा कि संविधान के 97वें संशोधन में सहकारी संस्थाओं को स्वायत्त, लोकतांत्रिक और जवाबदेह बनाने के साथ समयबद्ध चुनाव की व्यवस्था पर जोर दिया गया था। लेकिन मध्य प्रदेश में सरकार की कार्यप्रणाली इसके बिल्कुल विपरीत है।
23 नवंबर 2026 को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में सहकारी संस्थाओं के चुनाव एक साल और टालने का फैसला सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर सरकार निर्वाचित प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपने से क्यों बच रही है?
अहम पद भी खाली
द्विवेदी ने बताया कि सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी का पद जुलाई 2026 से रिक्त है। वहीं मध्य प्रदेश राज्य सहकारी अधिकरण, भोपाल में अध्यक्ष का पद 15 दिसंबर 2025 से खाली होने से न्यायिक कार्यवाही भी प्रभावित हो रही है। महत्वपूर्ण पदों को लंबे समय तक खाली रखना सदस्यों के हितों की अनदेखी है।
यह भी पढ़ें: सांची में आयोजित संभागीय सब-जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में वर्ल्ड वे स्कूल की परिधि चौधरी ने जीता रजत पदक
कांग्रेस की मांग
चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी ने सरकार से मांग की कि –
1. चुनाव टालने का फैसला तत्काल वापस लिया जाए
2. सभी लंबित चुनावों की समयबद्ध प्रक्रिया घोषित हो
3. सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी और सहकारी अधिकरण के अध्यक्ष पद पर तत्काल नियुक्ति हो
ताकि सहकारी संस्थाओं में लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल हो सके और किसानों व सदस्यों को उनके अधिकार मिल सकें।

