बालाघाट: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बालाघाट में 27 नवंबर 2026 को ‘निधि आपके निकट 2.0’ शिविर लगाया जाएगा। यह मासिक जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण शिविर जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित होगा, जिसमें भविष्य निधि सदस्यों, पेंशनभोगियों और नियोक्ताओं को संगठन की विभिन्न सेवाओं का लाभ मौके पर ही दिया जाएगा।
नोडल अधिकारियों की नियुक्ति
ईपीएफओ के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त, जबलपुर कैलाश चंद्र जोशी के निर्देश पर इस शिविर के लिए रविंद्र गंगभोज एवं विनायक मनी त्रिपाठी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले शिविर में भविष्य निधि सदस्यों, पेंशनभोगियों, नियोक्ताओं एवं अन्य हितधारकों को ईपीएफओ की विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इन समस्याओं का होगा समाधान
शिविर में भविष्य निधि खाते, पेंशन, अंशदान एवं अन्य संबंधित मामलों से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं को सुना जाएगा तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने एवं इससे संबंधित प्रक्रियाओं में आवश्यक सहायता दी जाएगी, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
यह भी पढ़ें: रिटायरमेंट के बाद भी खेती का जुनून, समन्वित कृषि से हर साल लाखों कमा रहे बाबूलाल भगत
मौके पर ही मिलेगी सहायता
शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को ईपीएफओ की सेवाओं से सीधे जोड़ना और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। जिन सदस्यों के खाते, पेंशन या अंशदान से जुड़े मामले लंबे समय से लंबित हैं, वे शिविर में पहुंचकर अपनी समस्या रख सकेंगे। अधिकारियों द्वारा मौके पर ही जांच कर निराकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ईपीएफओ ने जिले के सभी भविष्य निधि सदस्यों, पेंशनभोगियों और नियोक्ताओं से अपील की है कि वे 27 नवंबर को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित इस शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।

