बालाघाट: शासकीय सेवा से रिटायर होने के बाद ज्यादातर लोग आराम करना पसंद करते हैं, लेकिन वारासिवनी विकासखंड के ग्राम जबरटोला निवासी बाबूलाल भगत ने अलग ही रास्ता चुना। सेवानिवृत्त उप संचालक कृषि रहे भगत ने रिटायरमेंट के बाद भी खेती से नाता नहीं तोड़ा, बल्कि अपने वर्षों के अनुभव को खेत में उतारकर समन्वित कृषि प्रणाली का ऐसा सफल मॉडल बना दिया, जो आज जिले के किसानों के लिए प्रेरणा बन गया है।
एक फसल पर निर्भर नहीं, कई काम से आमदनी
बाबूलाल भगत ने अपने फार्म पर परंपरागत खेती के साथ पशुपालन, मुर्गीपालन, मछलीपालन और उद्यानिकी को जोड़कर ऐसी व्यवस्था विकसित की है, जिसमें खेती की अलग-अलग गतिविधियां एक-दूसरे की पूरक बन रही हैं। उनका मानना है कि किसान को केवल एक फसल पर निर्भर रहने के बजाय कृषि से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को अपनाना चाहिए, जिससे सालभर आमदनी के अवसर बने रहें और खेती में होने वाले जोखिम को भी कम किया जा सके।
पांच एकड़ में सरसों, तालाब में मछली पालन
बाबूलाल भगत ने अपने फार्म पर पांच एकड़ क्षेत्र में सरसों की फसल लगाई है। इसके साथ ही पांच एकड़ क्षेत्र में तालाब विकसित कर मछली पालन का कार्य कर रहे हैं। मछली पालन से उन्हें प्रतिवर्ष लगभग दो लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है। इसके अलावा एक एकड़ क्षेत्र में अरहर की खेती भी की जा रही है। इस प्रकार उन्होंने एक ही फार्म पर खाद्यान्न एवं तिलहन फसलों के साथ मछली पालन को भी अपनी आय का महत्वपूर्ण साधन बनाया है।
आम, नींबू और नारियल की बागवानी से छह लाख की सालाना आय
उनके फार्म हाउस की एक बड़ी विशेषता उद्यानिकी फसलों का विविधीकरण है। यहां उन्होंने 200 आम, 200 नींबू और 100 नारियल के पौधे लगाए हैं। इन फसलों से उन्हें हर वर्ष लगभग छह लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है। फलदार पौधों की यह बागवानी न केवल उनकी आमदनी बढ़ा रही है, बल्कि कृषि भूमि का बेहतर उपयोग करने का उदाहरण भी प्रस्तुत कर रही है।
खेती के साथ रोजगार का भी माध्यम बना फार्म हाउस
बाबूलाल भगत ने अपने फार्म पर मुर्गीपालन और पशुपालन जैसी गतिविधियों को भी शामिल किया है। समन्वित कृषि प्रणाली के इस मॉडल से उन्हें अलग-अलग स्रोतों से आय प्राप्त हो रही है। साथ ही कृषि कार्यों के माध्यम से स्थानीय मजदूरों को रोजगार भी मिल रहा है। उनका फार्म केवल व्यक्तिगत आय का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार सृजन का माध्यम भी बन रहा है।
कृषि अधिकारियों ने किया फार्म हाउस का भ्रमण
गत दिवस वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी वारासिवनी भूपेंद्र मासूरकर एवं कृषि विस्तार अधिकारी मोनिका भीमटे ने बाबूलाल भगत के फार्म हाउस का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने समन्वित कृषि प्रणाली के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और उनके कृषि नवाचारों की जानकारी ली। अधिकारियों ने देखा कि किस तरह फसल उत्पादन, मछली पालन, पशुपालन, मुर्गीपालन और उद्यानिकी को एक साथ जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: बालाघाट में 27 नवंबर से शुरू होगा ‘मिशन मुस्कान’, घर-घर पहुंचेगी टीम
बाबूलाल भगत की यह पहल बताती है कि खेती केवल परंपरागत फसल उत्पादन तक सीमित नहीं है। यदि किसान अपने संसाधनों, अनुभव और उपलब्ध भूमि का योजनाबद्ध तरीके से उपयोग करें तथा कृषि के साथ अन्य सहायक गतिविधियों को अपनाएं तो खेती को आमदनी का बेहतर माध्यम बनाया जा सकता है। सेवानिवृत्ति के बाद भी कृषि के प्रति उनका समर्पण और समन्वित खेती का सफल प्रयोग जिले के किसानों के लिए प्रेरणा बन रहा है।

