भोपाल: राजधानी भोपाल में अवैध और नकली कफ सिरप के कारोबार का खुलासा करने वाली स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अदालत में करीब 1250 पेज का चालान पेश किया है। यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र के पटेल नगर में संचालित अवैध कफ सिरप फैक्ट्री से जुड़ा है। यहां से एसटीएफ ने छापेमारी के दौरान 74 हजार से ज्यादा शीशियां बरामद की थीं। जांच में कफ सिरप की री-पैकिंग, भंडारण और दूसरे जिलों में सप्लाई करने वाले संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ था।
पटेल नगर के मकान में चल रही थी अवैध फैक्ट्री
एसटीएफ ने 30 मई 2026 को गांधीनगर थाना क्षेत्र के पटेल नगर स्थित एक मकान पर छापा मारा था। बाहर से सामान्य दिखाई देने वाले इस मकान के अंदर कथित तौर पर कफ सिरप की अवैध री-पैकिंग और पैकेजिंग की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में सिरप, पैकेजिंग सामग्री और मशीनें बरामद की गई थीं। जांच में सामने आया था कि सिरप को नए रैपर और पैकिंग के जरिए बाजार में खपाने की तैयारी थी।
डेढ़ करोड़ रुपये की सिरप जब्त
एसटीएफ की कार्रवाई में 74 हजार से ज्यादा शीशियां जब्त की गई थीं। इनकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई थी। सिरप के अलावा पैकेजिंग मशीनरी और परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहन भी जब्त किए गए थे। जांच के दौरान अलग-अलग ठिकानों से भी बरामदगी की गई।
कई जिलों और दूसरे राज्यों तक फैला था नेटवर्क
एसटीएफ एसपी राजेश सिंह भदौरिया के मुताबिक, जांच में पता चला कि अवैध कारोबार का नेटवर्क केवल भोपाल तक सीमित नहीं था। इसकी सप्लाई महाकौशल और विंध्य क्षेत्र के कई जिलों तक की जा रही थी। इस काम में कथित तौर पर फर्जी मेडिकल फर्मों, भंडारण ठिकानों और परिवहन व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा रहा था।
भदौरिया ने बताया कि मामले में अब तक दो नाबालिग सहित 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरोह का नेटवर्क मध्यप्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों तक फैला होने की जानकारी भी जांच में सामने आई है। एसटीएफ ने अलग-अलग चरणों में आरोपियों की गिरफ्तारी की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: बालाघाट में 27 नवंबर को लगेगा ‘निधि आपके निकट 2.0’ शिविर, EPFO से जुड़ी समस्याओं का होगा मौके पर निराकरण
चालान पेश होने के बाद आगे बढ़ेगी सुनवाई
एसटीएफ ने जांच पूरी कर करीब 1250 पेज का चालान अदालत में पेश कर दिया है। इसमें जांच से जुड़े साक्ष्यों और आरोपों का विवरण शामिल है। अब अदालत में मामले की सुनवाई आगे बढ़ेगी। हालांकि, आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को न्यायालय में साबित किया जाना बाकी है।

