Wednesday, November 25, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsदिग्विजय सिंह का आडवाणी पर हमला- 27% आरक्षण से ध्यान हटाने निकाली...

दिग्विजय सिंह का आडवाणी पर हमला- 27% आरक्षण से ध्यान हटाने निकाली थी रामरथ यात्रा, 166 दंगों में 564 लोगों की मौत का दावा

भोपाल: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की 1990 में निकाली गई रामरथ यात्रा पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री वीपी सिंह की सरकार जब मंडल आयोग की सिफारिशों के तहत पिछड़े वर्गों को 27 प्रतिशत आरक्षण देने जा रही थी, तब इस मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए रामरथ यात्रा निकाली गई थी।

दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि 25 सितंबर से 23 अक्टूबर 1990 के बीच रामरथ यात्रा के दौरान देश के 166 स्थानों पर सांप्रदायिक दंगे हुए, जिनमें 564 लोगों की मौत हुई। उन्होंने कहा कि आडवाणी खुद रथ में बैठे रहे, लेकिन उनके नाम पर निकली यात्रा के दौरान देश में सांप्रदायिक तनाव बढ़ा।

दिग्विजय सिंह मंगलवार को निवाड़ी जिले के ग्राम नैगुवा में अपनी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ के रात्रि विश्राम के दौरान आयोजित जनसंवाद को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने रामरथ यात्रा के राजनीतिक और सामाजिक प्रभावों पर सवाल उठाए। बुधवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी उनकी यात्रा में शामिल हुए।

मंडल आयोग के फैसले के बीच शुरू हुई थी रामरथ यात्रा

दिग्विजय सिंह ने कहा कि मंडल आयोग ने 1980 में अपनी रिपोर्ट सौंपकर सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए सरकारी नौकरियों में 27 प्रतिशत आरक्षण की सिफारिश की थी। अगस्त 1990 में तत्कालीन प्रधानमंत्री वीपी सिंह की सरकार ने इसे लागू करने की घोषणा की। इसके बाद देशभर में आरक्षण के समर्थन और विरोध में आंदोलन शुरू हो गए।

इसी दौरान 25 सितंबर 1990 को लालकृष्ण आडवाणी ने गुजरात के सोमनाथ से अयोध्या तक रामरथ यात्रा शुरू की थी। दिग्विजय सिंह का आरोप है कि इस यात्रा के पीछे आरक्षण के मुद्दे से जनता का ध्यान हटाने की राजनीतिक रणनीति थी।

समस्तीपुर में गिरफ्तार हुए थे आडवाणी

रामरथ यात्रा गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों से होकर अयोध्या पहुंचने वाली थी। 23 अक्टूबर 1990 को बिहार के समस्तीपुर में तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के आदेश पर लालकृष्ण आडवाणी को गिरफ्तार कर लिया गया था।

इस गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने वीपी सिंह सरकार से समर्थन वापस ले लिया। इसके चलते संसद में बहुमत खोने के बाद वीपी सिंह की सरकार गिर गई।

दिग्विजय सिंह ने इसी घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए आडवाणी और आरएसएस पर राजनीतिक उद्देश्य से रामरथ यात्रा निकालने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें: सीएम मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्रियों निर्मला सीतारमण और सीआर पाटिल से की मुलाकात, प्रदेश के वित्तीय और जल संबंधी मुद्दों पर चर्चा

अपनी यात्रा को बताया प्रेम और सद्भाव का संदेश

दिग्विजय सिंह ने अपनी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यात्रा को एक महीना पूरा हो चुका है। उनके रथ में भगवान राम विराजमान हैं और यात्रा के माध्यम से सत्य, अहिंसा, करुणा और दया का संदेश दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वास्तविक सनातन धर्म किसी को बांटने का नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने का मार्ग है। यही सनातन धर्म और स्वाभिमान की असली पहचान है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन