नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने जनगणना 2027 में जाति संबंधी आंकड़े जुटाने और उनका सत्यापन करने की प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। अदालत ने केंद्र और जनगणना संचालन निदेशालय को एक हफ्ते के भीतर जनगणना से जुड़ी मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) रिकॉर्ड पर पेश करने का निर्देश दिया है। इसमें जाति की जानकारी दर्ज करने, उसका सत्यापन करने और व्यक्तिगत आंकड़ों की सुरक्षा के उपायों का विवरण देना होगा।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने गुरुवार को यह निर्देश दिया। केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने अदालत को संबंधित एसओपी की जानकारी देने की बात कही थी। इस पर पीठ ने उन्हें एक सप्ताह के भीतर जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा।
12 अक्टूबर को भी दिया था निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले 12 अक्टूबर को दिए आदेश में सॉलिसिटर जनरल से जनगणना के लिए अपनाई जा रही मानक संचालन प्रक्रियाओं को रिकॉर्ड पर रखने को कहा था। साथ ही केंद्र के एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड और सॉलिसिटर जनरल के कार्यालय को याचिका से संबंधित पेपर बुक का पूरा सेट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था।
याचिका में जाति डेटा की प्रक्रिया पर उठाए सवाल
यह मामला आकाश गोयल की याचिका से जुड़ा है। इसमें 14 अगस्त 2026 को जारी जनगणना संबंधी अधिसूचना के तहत जाति की जानकारी जुटाने और उसका सत्यापन करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं।
याचिकाकर्ता ने मांग की है कि सरकार जाति संबंधी जानकारी दर्ज करने और उसकी पुष्टि करने के तरीके सार्वजनिक करे। इसके साथ ही परिवार अनुसूची (हाउसहोल्ड शेड्यूल) और इस संबंध में जारी निर्देशों का विवरण भी उपलब्ध कराया जाए। याचिका में व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: गजब ! भोपाल में गधे के नाम पर नर्सिंग रजिस्ट्रेशन, पुलिस ने शुरू की जांच
जाति प्रमाण-पत्रों के सत्यापन की मांग
याचिका में ऐसी पारदर्शी और व्यावहारिक व्यवस्था बनाने की मांग की गई है, जिसके तहत उपलब्ध सरकारी जाति प्रमाण-पत्रों का विवरण दर्ज किया जा सके। साथ ही सक्षम अधिकारियों के माध्यम से इन प्रमाण-पत्रों की प्रामाणिकता की जांच भी हो।
याचिकाकर्ता ने यह भी मांग की है कि जनगणना 2027 के दौरान जुटाए जाने वाले जाति संबंधी आंकड़ों को आरक्षण नीतियां बनाने या उनमें बदलाव करने और जाति आधारित कल्याणकारी योजनाओं के संसाधन आवंटन का एकमात्र आधार नहीं बनाया जाए। इसके लिए पहले पारदर्शी और सत्यापन योग्य व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है।

