उधार देने के बहाने बैंक दस्तावेज लेकर की 16.97 लाख की धोखाधड़ी, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार, कार और जेवरात जब्त
बालाघाट: जिले के भरवेली थाना क्षेत्र में बैंक खाते से 16 लाख 97 हजार रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उधार देने का झांसा देकर एक महिला से बैंक पासबुक, चेकबुक, हस्ताक्षरयुक्त चेक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज हासिल कर बैंक खाते से लाखों रुपये निकालने वाले महिला एवं पुरुष आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने धोखाधड़ी की रकम से मारुति अर्टिगा कार और सोने-चांदी के जेवर खरीदे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार, नगदी, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और जेवर सहित करीब 14 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
उधार का झांसा देकर लिए दस्तावेज
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 02 नवंबर को भरवेली निवासी भानवंती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अंजू उर्फ अल्का भोयर ने उसे एक लाख रुपये उधार देने का भरोसा दिलाया था। इसी बहाने आरोपी महिला ने प्रार्थिया की बैंक पासबुक, चेकबुक, हस्ताक्षरयुक्त चेक, आधार कार्ड और पैन कार्ड अपने पास ले लिए। प्रार्थिया के पति की मृत्यु के बाद उसके बैंक खाते में करीब 30 लाख रुपये जमा थे। आरोप है कि इसी राशि में से आरोपियों ने 16 लाख 97 हजार रुपये का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
भांजे ने एटीएम से निकाली रकम
इस पूरे मामले में अंजू भोयर के भांजे नैनसु रावते की भी भूमिका सामने आई। उसने प्रार्थिया का एटीएम कार्ड प्राप्त कर एटीएम से रकम निकाली, वहीं ज्वैलर्स दुकानों की पीओएस मशीनों और चेक के माध्यम से भी बैंक खाते से राशि का इस्तेमाल किया। शिकायत के आधार पर भरवेली पुलिस ने अपराध क्रमांक 350/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अपराध दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।
24 नवंबर को दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक मलय जैन के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई की गई। इसी दौरान 24 नवंबर को पुलिस ने अंजू उर्फ अल्का भोयर और नैनसु रावते को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान पुलिस ने प्रार्थिया की एसबीआई चेकबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, 39 हजार 500 रुपये नगद, दो मोबाइल फोन और मारुति अर्टिगा कार क्रमांक CG 07 UA 1438 बरामद की।
यह भी पढ़ें: सात दिन में निरीक्षण रिपोर्ट दें, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
जेवर भी किए जब्त
इसके अलावा धोखाधड़ी की रकम से खरीदे गए सोने के मंगलसूत्र का लॉकेट, 10 सोने के बड़े मणी, ब्रेसलेट के छह सोने के मणी और एक सोने की अंगूठी सहित अन्य जेवर भी जब्त किए गए। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने महिला आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया, जबकि पुरुष आरोपी से पुलिस रिमांड पर पूछताछ एवं बरामदगी की कार्रवाई पूरी कर उसे भी न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। भरवेली पुलिस की इस कार्रवाई से बैंक खातों और वित्तीय दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों का पर्दाफाश हुआ है।

