कलेक्टर आदित्य सिंह ने ली पीएम पोषण शक्ति मिशन की बैठक, मेन्यू के अनुसार भोजन बनाने के निर्देश
बालाघाट: स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर आदित्य सिंह ने पीएम पोषण शक्ति मिशन की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने मध्याह्न भोजन, सांझा चूल्हा योजना, पोषण गतिविधियों तथा बच्चों एवं गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के भोजन और पोषण के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेन्यू के अनुसार ही बनेगा भोजन
बैठक में कलेक्टर आदित्य सिंह ने निर्देश दिए कि सभी शालाओं में निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही भोजन तैयार किया जाए। जिन स्कूल परिसरों में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, वहां स्कूल और आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए सांझा चूल्हा योजना अनिवार्य रूप से लागू की जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल और आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए अलग-अलग समूहों द्वारा भोजन तैयार करने की व्यवस्था नहीं होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान कहीं पर भी ऐसा नहीं मिलना चाहिए कि शाला एवं आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए अलग-अलग समूह द्वारा अलग-अलग भोजन तैयार किया जा रहा है। कहीं पर भी शाला में शिक्षक एवं आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका भोजन तैयार करते हुए नहीं मिलना चाहिए।
सात दिन में देनी होगी निरीक्षण रिपोर्ट
इस दौरान सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र की शालाओं का निरीक्षण कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। रिपोर्ट में यह जानकारी देना होगी कि कितने स्कूलों को मध्याह्न भोजन बनाने के लिए गैस चूल्हे उपलब्ध कराए गए हैं और कितने स्कूलों में वास्तव में गैस चूल्हों पर भोजन तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही रसोइयों को मानदेय भुगतान की स्थिति की जानकारी भी देनी होगी। सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रतिदिन तैयार होने वाले भोजन के सैंपल सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
भोजन निरीक्षण पंजी अनिवार्य
कलेक्टर ने सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में भोजन निरीक्षण पंजी अनिवार्य रूप से संधारित करने के निर्देश दिए। बीआरसी, बीएसी, सीएसी, बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक अपने क्षेत्र के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे तथा भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था में पाई गई कमियों को पंजी में दर्ज करेंगे। उन्होंने निर्देशित किया कि बीआरसी जिन स्कूलों का निरीक्षण करेंगे, वहां बीएसी एवं सीएसी निरीक्षण नहीं करेंगे, बल्कि अन्य स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण की शुरुआत विकासखंड मुख्यालय से सबसे दूरस्थ एवं अंतिम छोर के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों से की जाए।
यह भी पढ़ें: बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, युवक और महिला स्वास्थ्यकर्मी की मौत, एक बालक गंभीर घायल
बर्तन खरीदी में गड़बड़ी पर होगी एफआईआर
बैठक में वर्ष 2025-26 में स्कूलों को मध्याह्न भोजन के लिए बर्तन खरीदने हेतु उपलब्ध कराई गई राशि के उपयोग की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी बीआरसी को सात दिनों के भीतर उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रमाण पत्र में खरीदे गए बर्तनों का विवरण और उपलब्ध कराई गई राशि का शत-प्रतिशत उपयोग दर्शाना होगा। निर्धारित समय में उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित बीआरसी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने तथा वित्तीय अनियमितता की जांच कराने के निर्देश दिए गए।

