पुलिस स्मृति दिवस: झाबुआ पुलिस ने 191 शहीदों को किया याद, एसपी ने ली परेड की सलामी

शेयर करे

नावेद रजा
झाबुआ |
देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में मंगलवार (21 अक्टूबर 2025) को पुलिस लाइन झाबुआ के परेड ग्राउंड में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद दिवस परेड का भव्य आयोजन किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शिव दयाल सिंह ने परेड की सलामी ली और राष्ट्र की सेवा में शहीद हुए जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।कार्यक्रम में 01 सितंबर 2024 से 31 अगस्त 2025 के दौरान देशभर में कर्तव्य निभाते हुए वीरगति को प्राप्त हुए कुल 191 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के नामों का वाचन किया गया। इनमें मध्यप्रदेश राज्य के 11 जांबाज पुलिसकर्मी भी शामिल थे, जिन्होंने अपने सर्वोच्च बलिदान से पुलिस बल के गौरव को बढ़ाया।

शहीद स्मारक पर आयोजित श्रद्धाजंलि समारोह में कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक शिव दयाल सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित किए। इस दौरान गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण और स्थानीय विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे, जिन्होंने वीर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को पुलिस बल के बलिदान के प्रति जागरूक करना भी था, ताकि उनमें देशप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की भावना का संचार हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *