बिहार में हुआ बड़ा रेल हादसा, जमुई में सीमेंट से लदी मालगाड़ी पटरी से उतरी

शेयर करे

बिहार। जमुई जिले में शनिवार देर रात एक रेल दुर्घटना हो गई। बता दें आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत लाहाबोन और सिमुलतला स्टेशनों के बीच सीमेंट से भरी एक मालगाड़ी अचानक पटरी से नीचे उतरी गई। इस हादसे के कारण रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया।

 

देर रात हुआ हादसा

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना 27 दिसंबर की रात करीब 11:25 बजे हुई थी। मालगाड़ी जसीडीह से झाझा की ओर जा रही थी, तभी बरुआ नदी पुल के पास अचानक जोरदार आवाज के साथ मालगाड़ी के 10 डिब्बे पटरी से उतर गए। जिसमें से 5 डिब्बे सीधे पुल से नीचे नदी में गिर गए। बता दें सभी डिब्बों में सीमेंट भरा हुआ था, जो हादसे के बाद पुल और आसपास के क्षेत्र में फैल गया। इस हादसे से रेलवे ट्रैक को भारी नुकसान पहुंचा है।

किउल–जसीडीह सेक्शन पर रुकीं ट्रेनें

दुर्घटना के तुरंत बाद किउल–जसीडीह रेल सेक्शन पर अप और डाउन दोनों लाइनों पर परिचालन रोक दिया गया। कई यात्री ट्रेनें और मालगाड़ियां बीच रास्ते में विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी कर दी गई हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

मौके पर पहुंची राहत टीमें

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। आसनसोल, मधुपुर और झाझा से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART) को घटनास्थल पर भेजा गया। इस दौरान रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और रेल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। जिसके बाद मालगाड़ी के मलवे को हटाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। सबसे पहले क्षतिग्रस्त पटरी को दुरुस्त करने और नदी में गिरे डिब्बों को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। ताकि जल्द से जल्द रूट पर ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू हो सके। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।