पटना। शहर के जेपी गंगा पथ की खूबसूरती अब नए कलेवर में नजर आएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निरीक्षण के बाद स्मार्ट सिटी की महत्वाकांक्षी योजना में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले से लगी सैकड़ों दुकानों को हटाकर अब आधुनिक और आकर्षक डिजाइन विकसित की जाएगी।
बिहार की राजधानी पटना में जेपी गंगा पथ बीते वर्षों में लोगों के लिए सैर, योग और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। बढ़ती भीड़ और सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए यहां वेंडिंग जोन विकसित किया जा रहा था। इसी क्रम में करीब 300 प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें स्थापित की गई थीं।
हालांकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हालिया निरीक्षण के बाद इन दुकानों की डिजाइन पर सवाल उठे। मुख्यमंत्री ने सौंदर्य, उपयोगिता और शहर की पहचान को ध्यान में रखते हुए नई योजना बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने मौजूदा दुकानों को हटाकर नई डिजाइन पर काम शुरू कर दिया है।
नई दुकानों की डिजाइन जयपुर और इंदौर जैसे शहरों के मॉडल पर आधारित होगी, जहां वेंडिंग जोन शहर की खूबसूरती में इजाफा करते हैं। इस बदलाव के कारण दुकानों का आवंटन मार्च-अप्रैल तक टल सकता है।
पहले से लगी दुकानों के भविष्य को लेकर भी मंथन जारी है। संभावना है कि इन्हें शहर के अन्य वेंडिंग जोन में स्थानांतरित किया जाएगा। स्मार्ट सिटी प्रबंधन का दावा है कि अंतिम योजना से जेपी गंगा पथ की पहचान और मजबूत होगी।


