सहारनपुर। उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जिले में मंगलवार को सामने आए एक ही परिवार के पांच सदस्यों की बेरहमी से हत्या के मामले ने पूरे जिले को दहला दिया है। घर के भीतर मिले तमंचों और सिर में गोली के निशानों ने इस वारदात को और रहस्यमय बना दिया है। पुलिस कई एंगल से जांच में जुटी है।
सहारनपुर जिले के सरसावा थाना क्षेत्र स्थित शाश्वत बिहार कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान अमीन अशोक राठौर (40), उनकी पत्नी अंजिता (37), मां विद्यावती (70) और दो बेटे कार्तिक (16) व देव (13) के रूप में हुई है। सभी के माथे पर गोली के निशान पाए गए, जबकि घर से तीन तमंचे भी बरामद किए गए हैं।
अशोक राठौर नकुड़ तहसील में अमीन के पद पर कार्यरत थे और पिछले एक महीने से परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। उनके दोनों बेटे स्थानीय स्कूल और इंटर कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। पड़ोसियों के अनुसार परिवार शांत स्वभाव का था और किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था।
घटना का खुलासा तब हुआ, जब अशोक के बहनोई ने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे को घर भेजा। दरवाजा न खुलने पर खिड़की से झांककर देखा गया, जहां पूरे परिवार के शव पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, घर को सील किया गया और सभी मोबाइल फोन व हथियार कब्जे में ले लिए गए।
पुलिस घरेलू विवाद, आत्महत्या और बाहरी साजिशकृतीनों एंगल से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पड़ोसियों से पूछताछ जारी है। फिलहाल यह सवाल कायम है कि यह सामूहिक हत्या है या इसके पीछे कोई और बड़ा राज छिपा है।
सहारनपुर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के सामूहिक हत्याकांड मामले से फैली सनसनी, 3 तमंचे, 5 लाशें और कई अनसुलझे सवाल!


