नई दिल्ली: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने छात्रों और शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि, जंतर-मंतर पर आयोजित होने वाले किसी भी प्रदर्शन, धरने या भीड़ का हिस्सा बनने से बचने की अपील की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि सभी छात्र-छात्राएं और शिक्षक अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा किसी भी ऐसी गतिविधि से दूर रहें, जिससे उनकी पढ़ाई, करियर या कानूनी स्थिति प्रभावित हो सकती है।
सुरक्षा और भविष्य को लेकर दी चेतावनी
विश्वविद्यालय की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि, किसी भी प्रदर्शन या अवैध सभा में शामिल होने से न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरा हो सकता है, बल्कि इसका असर छात्रों की शैक्षणिक प्रगति और भविष्य के पेशेवर अवसरों पर भी पड़ सकता है। इसलिए सभी विद्यार्थियों से जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की गई है।
ये भी पढ़े
26 दिन बाद खत्म हुआ सोनम वांगचुक का अनशन
गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने पर होगी कार्रवाई
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि, यदि कोई छात्र या शिक्षक जंतर-मंतर पर किसी गैरकानूनी प्रदर्शन, अवैध जमावड़े या कानून-व्यवस्था का उल्लंघन करने वाली गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्रों और शिक्षकों से कानून का सम्मान करने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी ऐसी गतिविधि से दूर रहने की अपील की है, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हो। विश्वविद्यालय ने कहा कि शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

