नई दिल्ली: लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक ने 26 दिनों तक चले अपने आमरण अनशन को समाप्त कर दिया है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में अपना अनशन तोड़ा। लंबे समय से जारी गतिरोध के बाद केंद्र सरकार के साथ हुई विस्तृत बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया।
सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए बताया कि कई दौर की गंभीर और सकारात्मक बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ते तनाव और संभावित हिंसा की आशंका को देखते हुए उन्होंने अपने साथियों के साथ अनशन समाप्त करने का फैसला किया है।
अनशन खत्म होने पर PM नरेंद्र मोदी का संदेश
मैं सोनम जी से आग्रह करता हूँ की वो डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अपनी दिनचर्या रखें और जल्द से जल्द अपना पुराना वज़न फिर से प्राप्त करें। मैं प्रभु से प्रार्थना करता हूँ कि सोनम जी स्वस्थ रहें।
सोशल मीडिया पर क्या बोले सोनम वांगचुक?
अपने संदेश में वांगचुक ने कहा कि, पिछले 26 दिनों के आंदोलन के दौरान देशभर से उन्हें व्यापक समर्थन मिला। उन्होंने सभी समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आंदोलन का उद्देश्य हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के साथ हुई बातचीत में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी है। हालांकि, समझौते की सभी शर्तों और बातचीत के निष्कर्षों का विस्तृत विवरण जल्द सार्वजनिक किया जाएगा।
देशवासियों से की शांति बनाए रखने की अपील
सोनम वांगचुक ने अपने समर्थकों और देशवासियों से अपील की, कि वे किसी भी तरह की हिंसा, टकराव या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवाद ही सबसे बड़ा माध्यम है और सभी को शांति एवं संयम बनाए रखना चाहिए।
26 दिनों तक जारी रहा आंदोलन
सोनम वांगचुक का यह अनशन अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुरू हुआ था। आंदोलन के दौरान देश के कई हिस्सों से उन्हें समर्थन मिला और उनकी सेहत को लेकर भी लगातार चिंता जताई जाती रही। सरकार और वांगचुक के प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद आखिरकार गतिरोध समाप्त हुआ और 26वें दिन अनशन खत्म करने की घोषणा की गई।
जल्द सामने आएंगी समझौते की पूरी शर्तें
फिलहाल केंद्र सरकार और सोनम वांगचुक की ओर से समझौते के विस्तृत बिंदुओं का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। वांगचुक ने कहा है कि जल्द ही पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी, जिससे लोगों को यह पता चल सके कि किन मुद्दों पर सहमति बनी है और आगे की कार्ययोजना क्या होगी।


