रीवा। जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां तेज रफ्तार बोलेरो बेकाबू होकर सीधे एक घर में जा घुसी। इस भीषण हादसे में घर के बाहर धूप ले रहे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बोलेरो में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है।
दरअसल घटना बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के मझगवां गांव की है। जहां तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से उतरते हुए एक घर की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाहर बैठे युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद कसरुद्दीन के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि वह ठंड के चलते घर के बाहर धूप ले रहा था, तभी तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी जिंदगी छीन ली। हादसे में बोलेरो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए घटना की जांच शुरू की है।


