22 क्विंटल अमानक पनीर, प्रशासन ने कराया नष्ट

शेयर करे

मंडला। जिले में जब्त किया गया 22 क्विंटल पनीर जांच में अमानक निकला। शुद्धता के मानकों के अनुरूप वसा प्रतिशत कम मिलने पर प्रशासन ने पूरा माल नष्ट कराया।
मंडला जिले में पकड़ा गया लगभग 22 क्विंटल (2240 किलोग्राम) पनीर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की जांच में अमानक पाया गया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि पनीर में दूध वसा प्रतिशत निर्धारित मानकों से काफी कम था, जिससे वह मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त और स्वास्थ्य के लिए संभावित रूप से हानिकारक हो सकता था। इस कारण प्रशासन ने इसे नियमानुसार नष्ट करने का आदेश दिया।
यह पनीर राजस्थान के धौलपुर से रायपुर भेजा जा रहा था, लेकिन मोतीनाला क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान ट्रक को पकड़ा था। नमूने जांच हेतु भोपाल भेजे गए, जहां से आई रिपोर्ट में बड़े स्तर पर गुणवत्ता से समझौता सामने आया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा मानते हुए तत्काल विनष्टीकरण कराया।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध निरंतर अभियान जारी है और ऐसे मामलों में किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *