Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsदो साल में MP बनेगा देश का नंबर वन दुग्ध उत्पादक राज्य:...

दो साल में MP बनेगा देश का नंबर वन दुग्ध उत्पादक राज्य: CM यादव ने बताया किसानों की आय बढ़ाने का प्लान

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश को अगले दो साल में दुग्ध उत्पादन के मामले में देश में पहले स्थान पर लाने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल प्रदेश इस क्षेत्र में तीसरे स्थान पर है। सरकार खेती के साथ पशुपालन और दूध उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर काम कर रही है। इसके लिए ग्राम पंचायतों में दूध संकलन की व्यवस्था विकसित की जा रही है और दुग्ध सहकारी समितियां बनाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री शनिवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों और पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

खेती के साथ पशुपालन पर जोर

डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि प्रधान राज्य है, लेकिन किसानों की समृद्धि केवल फसल उत्पादन पर निर्भर नहीं रहनी चाहिए। पशुपालन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी को भी खेती का हिस्सा बनाकर उनकी आमदनी बढ़ाई जा सकती है। सरकार सिंचाई का रकबा बढ़ाने के साथ किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। नदी जोड़ो अभियान से भी प्रदेश की खेती को लाभ मिलेगा।

ग्रामीणों को मिल रहा संपत्ति का मालिकाना हक

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के माध्यम से ग्रामीण आबादी को उनकी संपत्तियों का कानूनी और स्थायी स्वामित्व दिया जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार ग्रामीणों को अपनी संपत्ति के मालिकाना हक का पंजीकृत दस्तावेज मिल रहा है। उन्होंने धनतेरस पर मुरैना जिले के करुआ गांव में हितग्राहियों से मुलाकात का अनुभव साझा करते हुए कहा कि ग्रामीणों को दस्तावेज मिलने पर उनके चेहरे की खुशी देखकर उन्हें भी प्रसन्नता हुई।

55 जिलों में पीएम एक्सीलेंस कॉलेज स्थापित

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत प्रदेश के सभी 55 जिलों में पीएम एक्सीलेंस कॉलेज स्थापित किए गए हैं। सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। मंडला और बालाघाट में नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण किया गया है, जहां इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश शुरू होंगे।

यह भी पढ़ें: अयोध्या में 30 लाख दीपों से बना नया रिकॉर्ड, श्रीराम का हुआ राज्याभिषेक

धार-झाबुआ तक पहुंची रेल लाइन

डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश में सड़क और रेल नेटवर्क का भी विस्तार हो रहा है। धार और झाबुआ तक रेल लाइन पहुंची है। उन्होंने कहा कि उज्जैन में महाकाल लोक के निर्माण के बाद आर्थिक गतिविधियों में तेजी आई है। ओंकारेश्वर कॉरिडोर के विकास पर 2500 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा चित्रकूट और ओरछा के विकास के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन