भोपाल। मध्य प्रदेश में बारिश की संभावना अब कम हो गई है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली है, लेकिन तापमान में गिरावट, कोहरा और ‘कोल्ड डे’ की स्थिति आने वाले दिनों में परेशानी बढ़ा सकती है।
प्रदेश में मौसम लगातार करवट ले रहा है। पिछले सप्ताह हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को काफी नुकसान हुआ था, हालांकि मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट से थोड़ी राहत मिली है। विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन ठंड, नमी और कोहरे का असर अभी जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने कई जिलों में कोहरा, घना कोहरा और ‘कोल्ड डे’ को लेकर चेतावनी जारी की है। विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, कटनी और दमोह में मध्यम कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ग्वालियर संभाग के ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़ और निवाड़ी में घना कोहरा और दिन के समय भी ठंड बने रहने का अलर्ट दिया गया है।
इसके अलावा भिंड, मुरैना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मैहर, सतना, पन्ना, छतरपुर और उमरिया में भी कुछ क्षेत्रों में घने कोहरे की संभावना जताई गई है। ऐसे में सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
तापमान की बात करें तो खरगोन में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान राजगढ़ में 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह अंतर बताता है कि प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है और ठंड अभी कुछ दिनों तक राहत देने वाली नहीं है।


