Jabalpur Flood Alert: बिना बारिश जबलपुर में जलप्रलय, बरगी बांध की नहर टूटने से दर्जनों गांव जलमग्न

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से बड़ी खबर सामने आई है। जहां बरगी बांध की दाईं तट नहर के फूटने से अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। बिना किसी बारिश के आए सैलाब ने दर्जनों गांवों को प्रभावित किया है और सैकड़ों एकड़ में खड़ी फसलें जलमग्न हो गई। जिसके बाद ग्राम सगड़ा–झपनी क्षेत्र के पास नहर टूटने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर दिखा।

इमरजेंसी एक्शन शुरू

स्थिति को काबू में करने के लिए प्रशासन ने तुरंत बरगी बांध की दाईं तट नहर से पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद कराई और टूटे हिस्से के आगे स्थित नहर के सभी गेट खोल दिए। साथ ही खेतों और गांवों में भरे पानी की तेजी से निकासी के निर्देश दिए। इससे जलस्तर घटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

किसानों को भारी नुकसान

तेज बहाव के साथ पानी आसपास के खेतों में घुस गया, जिससे किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो गई और सैकड़ों एकड़ भूमि जलमग्न हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में खेत तालाब जैसे हालात में बदल गए।

नुकसान का सर्वे शुरू

सूत्रों अनुसार एसडीएम जबलपुर अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी कर रहे हैं। घटना की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि-  कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे शुरू कर दिया गया है। सर्वे के बाद प्रभावित किसानों को राहत राशि प्रदान की जाएगी।

ग्रामीणों ने उठाए सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि यह प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि मेंटेनेंस की कमी और सिस्टम फेलियर का नतीजा है। उनका कहना है कि नहर पहले से कमजोर थी और कई बार शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं की गई है। तो वहीं प्रशासन का कहना है कि हालात पूरी तरह कंट्रोल में लाने तक निगरानी जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन तैनात किए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *