नरसिंहपुर। जिले के सीरेगांव ग्राम पंचायत के सरपंच महेंद्र कुशवाहा ने प्रशासनिक उपेक्षा से तंग आकर अपने आप को पंचायत भवन में बंद कर लिया। सरपंच का कहना है कि दो वर्षों से ग्राम पंचायत के विकास कार्य लंबित पड़े हैं और अधिकारियों को अनेक बार शिकायत देने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
अपनी व्यथा बताते हुए सरपंच ने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान न होने पर वह आत्मदाह कर लेंगे। महेंद्र कुशवाहा का कहना है कि मैं दो साल से निर्माण कार्यों के लिए निवेदन कर रहा हूं, लेकिन केवल आश्वासन और उपेक्षा मिली है। अब यह मेरा अंतिम फैसला है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर फैलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया है। स्थानीय अधिकारी परिस्थिति को संभालने के लिए मौके पर पहुंचे हैं और सरपंच को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है।
सरपंच ने खुद को पंचायत भवन में बंद किया, आत्मदाह की चेतावनी


