ग्वालियर। बिलौआ क्षेत्र में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। हाल ही में बिलौआ क्रेशर मार्केट में हुई गैंगवार और फायरिंग की घटना के बाद प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।
संयुक्त कार्रवाई
बता दें कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 80 डंपर गिट्टी और फर्सी पत्थर जब्त किए गए।
विवाद की स्थिति पर तत्काल काम बंद
इस जांच के दौरान एक स्थान पर विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर डिप्टी कलेक्टर अनिल राघव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खदान में काम बंद करवा दिया। जांच पूरी होने तक संबंधित खदान संचालक को यथास्थिति बनाए रखने और काम बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बिलौआ क्षेत्र में अवैध उत्खनन की जांच के लिए डिप्टी कलेक्टर अनिल राघव के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम ने जांच के दौरान अवैध बोल्डर से भरे 80 डंपरों को जब्त किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान राजस्व अधिकारी मस्तराम गुर्जर, संबंधित राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी, खनिज अधिकारी घनश्याम सिंह यादव, प्रशांत कुमार और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
गौरतलब है कि हाल ही में बिलौआ क्रेशर मार्केट में दो पक्षों के बीच गैंगवार हुई थी, जिसमें दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किए थे, लेकिन प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए थे।

