युवक ‘राजा’ बनकर करता था धोखाधड़ी, मोबाइल से मिले 40 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में फर्जी पहचान के जरिए युवतियों को भरोसे में लेकर शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के हापुड़ का रहने वाला आवेश खान, खुद को हिंदू युवक “राजा” बताकर लड़कियों से नजदीकियां बढ़ाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के मोबाइल फोन से 40 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो बरामद किए गए हैं।

शिकायत के बाद खुला पूरा मामला

जानकारी अनुसार कटारा हिल्स थाना क्षेत्र की एक 20 वर्षीय युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने झूठी पहचान के सहारे उससे रिश्ता बनाया और बाद में ब्लैकमेल करने लगा।

पीड़िता के अनुसार, करीब एक वर्ष तक वह आरोपी को “राजा” समझकर उसके संपर्क में रही। कुछ समय पहले जब उसे युवक की असली पहचान का पता चला, तो उसने बातचीत बंद कर दी। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।

घर पहुंचने पर पकड़ा गया आरोपी

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी जब युवती के घर पहुंचा, तो स्थानीय लोगों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को हिरासत में लिया।

भोपाल में करता था मजदूरी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी यूपी के हापुड़ जिले का निवासी है और भोपाल के बगरोदा क्षेत्र में एक टाइल्स फैक्ट्री में काम करता था। भोपाल में रहते हुए उसने कथित तौर पर फर्जी नाम से पहचान छिपाकर कई लोगों से संपर्क बनाए।

वहीं पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। बरामद वीडियो और डिजिटल डाटा के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि क्या अन्य लोग भी इस मामले से जुड़े हैं।

पुलिस का आधिकारिक बयान

एडिशनल डीसीपी अनिल शर्मा ने बताया कि- युवती की शिकायत पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड, उसके संपर्कों और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस तरह की घटनाओं में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *