नई दिल्ली। बॉलीवुड के दिग्गज कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर का सामना कर रहे हैं। हंसी से लोगों का दिल जीतने वाले इस कलाकार को लंबे समय से चल रहे लोन और चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद सरेंडर करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया। इस खबर के सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में चिंता की लहर दौड़ गई।
पर्दे की हंसी, निजी जिंदगी में संघर्ष
राजपाल यादव भले ही फिल्मों में अपनी कॉमिक टाइमिंग से माहौल हल्का कर देते हों, लेकिन असल जिंदगी में उनकी परेशानियां लगातार बढ़ती चली गईं। आर्थिक और कानूनी उलझनों ने उनके करियर की रफ्तार को भी प्रभावित किया और आखिरकार मामला जेल तक जा पहुंचा।
क्या है पूरा कानूनी विवाद?
दरअसल इस मामले की जड़ साल 2010 से जुड़ी है, जब राजपाल यादव और उनकी पत्नी राधा यादव ने फिल्म ‘अता पता लपाता’ के निर्माण के लिए कर्ज लिया था। समय के साथ ब्याज बढ़ता गया और भुगतान में देरी के कारण कई चेक बाउंस हुए। यही विवाद आगे चलकर अदालत पहुंचा और अब सख्त कानूनी कार्रवाई के रूप में सामने आया। चौंकाने वाली बात यह है कि राजपाल यादव हाल के वर्षों में लगातार फिल्मों में नजर आए और मोटी फीस भी ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक 2023 से 2025 के बीच रिलीज हुई उनकी पांच बड़ी फिल्मों से उन्होंने करीब 7 से 8 करोड़ रुपये की कमाई की थी, इसके बावजूद उनकी आर्थिक परेशानियां खत्म नहीं हो सकीं।
आखिरी 5 फिल्मों से मिली फीस पर नजर
राजपाल यादव की हालिया फिल्मों और अनुमानित फीस इस प्रकार बताई जा रही है-
- कटहल – लगभग 1 करोड़ रुपये
- ड्रीम गर्ल 2 – लगभग 1 करोड़ रुपये
- भूल भुलैया 3 – करीब 2 से 3 करोड़ रुपये
- चंदू चैंपियन – लगभग 2 करोड़ रुपये
- बेबी जॉन – करीब 1 करोड़ रुपये
मुश्किल घड़ी में सेलेब्स का साथ
वहीं राजपाल यादव के समर्थन में फिल्म इंडस्ट्री से कई चेहरे सामने आए हैं। अभिनेता सोनू सूद ने सबसे पहले मदद का हाथ बढ़ाते हुए ऐलान किया कि वह अपनी आने वाली फिल्म में राजपाल यादव को अहम भूमिका देंगे, ताकि उन्हें आर्थिक संबल मिल सके। सोनू सूद ने इसे दया नहीं, बल्कि एक कलाकार को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का मौका बताया।
राजपाल यादव के फैंस भी सोशल मीडिया पर उनके पक्ष में लगातार आवाज उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जिसने वर्षों तक दर्शकों को हंसाया, उसे इस कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए।


