पूर्व विधायक किशोर समरिते ने की रक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, पूर्व थल सेना प्रमुख की पुस्तक पर उठाए सवाल

शेयर करे

बालाघाट। संयुक्त क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक किशोर समरीते ने जारी बयान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने पूर्व थल सेना अध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की पुस्तक 4 Stars of Destiny (फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी) के कथित अंश सार्वजनिक होने पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

पूर्व विधायक समरीते ने कहा कि यदि उक्त पुस्तक को भारत सरकार से प्रकाशन की अनुमति नहीं मिली है, तो उसके अंश सार्वजनिक कैसे हुए, यह जांच का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सेना से संबंधित गोपनीय मामलों का उल्लेख देशहित में नहीं है और इससे सेना की गोपनीयता भंग होने की आशंका उत्पन्न होती है।

साथ ही उन्होंने मांग की कि संबंधित पुस्तक को तत्काल जब्त किया जाए और उसमें उल्लेखित तथ्यों की निष्पक्ष जांच हो। पुस्तक में यह उल्लेख किया गया है कि चीन के हमले के समय तत्कालीन थल सेना अध्यक्ष ने रक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री को सीधे फोन लगाया था, जबकि उनके अनुसार यह प्रोटोकॉल में शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि सेना प्रमुख सीडीएस या डीजीएमओ से संपर्क कर सकते हैं, सीधे प्रधानमंत्री या रक्षा मंत्री को फोन लगाने की बात प्रोटोकॉल के अनुरूप नहीं है।

संयुक्त क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष किशोर समरिते ने पूर्व थल सेना प्रमुख के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करने की भी मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि सेना की गोपनीयता भंग होने के मामले में रक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से भी अपील की कि सेना के युद्ध संबंधी मामलों को संसद में उठाने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *