वॉशिंगटन। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच एक नई चर्चा तेज हो गई है। अमेरिका और इजरायल के साथ बढ़ते टकराव के बीच ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की हालत को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि मुज्तबा खामेनेई अभी जीवित हैं, हालांकि वे हमले में घायल हुए हैं।
जिंदा है मुज्तबा खामेनेई
रिपोर्ट्स के मुताबिक 28 फरवरी को तेहरान में हुए एक बड़े हमले के दौरान मुज्तबा खामेनेई गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। इसी हमले में उनके पिता और ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत होने की बात भी कही जा रही है। अमेरिकी मीडिया की कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मुज्तबा खामेनेई की हालत नाजुक है और वे संभवतः कोमा में हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
फॉक्स न्यूज रेडियो के कार्यक्रम “ब्रायन किल्मीड शो” में बातचीत के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि- उनकी जानकारी के मुताबिक मुज्तबा खामेनेई किसी न किसी रूप में जिंदा हैं। ट्रंप के मुताबिक उन्हें चोटें जरूर आई हैं, लेकिन वे पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं। यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान में युद्ध के हालात के कारण मुज्तबा खामेनेई अब तक सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं।
बता दें इससे पहले मुज्तबा खामेनेई ने ईरान की जनता के नाम एक संदेश जारी कर कहा था कि- देश अपने शहीदों के खून का बदला जरूर लेगा। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान अमेरिका और इजरायल के दबाव के आगे झुकने वाला नहीं है। साथ ही उन्होंने रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने और खाड़ी देशों पर दबाव बढ़ाने की भी बात कही।
युद्ध के हालात में जारी इस बयान के बाद से मुज्तबा खामेनेई अब तक सार्वजनिक मंच या वीडियो संदेश में दिखाई नहीं दिए हैं। यही वजह है कि उनकी सेहत और स्थिति को लेकर वैश्विक स्तर पर अटकलें तेज हो गई हैं। अब पूरी दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि ईरान के नए नेतृत्व की असली स्थिति क्या है और मिडिल ईस्ट में यह टकराव आगे किस दिशा में बढ़ेगा।


