वर्दी, टोपी और ‘मप्र शासन’ लिखी गाड़ी… पर विभाग से कोई रिश्ता नहीं!
बालाघाट । मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले से परिवहन विभाग को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि जिले में RTO के नाम पर खुलेआम अवैध वसूली का खेल चल रहा है। हैरानी की बात यह है कि वसूली करने वाले कुछ लोग खुद को परिवहन विभाग का कर्मचारी बताकर कार्रवाई कर रहे हैं, जबकि उनका विभाग से कोई आधिकारिक संबंध नहीं बताया जा रहा
जानकारी के मुताबिक, 19 मार्च 2026 को बालाघाट जिले के सालेटेकरी रोड और उकवा इलाके में गाड़ियों को रोककर कथित तौर पर अवैध वसूली की जा रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया है, जो अब चर्चा का विषय बन गया है।
वीडियो में एक व्यक्ति RTO की टोपी और खाकी वर्दी पहने नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि उसका नाम राजेश कुमरे है और वह पहले परिवहन विभाग से जुड़ा था, लेकिन नौकरी से बर्खास्त हो चुका है। इसके बावजूद वह वर्दी पहनकर और खुद को RTO से जुड़ा बताकर वसूली करता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे अन्य लोग जिनका नाम भवन और नीरज भी परिवहन विभाग के कर्मचारी नहीं हैं, लेकिन वे ‘मप्र शासन’ लिखी गाड़ियों में घूमते हुए पूरे जिले में वाहनों को रोककर पैसे वसूल रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह पूरा खेल RTO प्रभारी भाग्यश्री राजवैध प्रभाकर की जानकारी या संरक्षण में चल रहा है। हालांकि इस तरह के आरोप पहले भी सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं होने से सवाल और गंभीर हो गए हैं।
हमारे संवाददाता ने जब इस मामले में परिवहन विभाग के डिप्टी कमिश्नर किरण शर्मा से सवाल किया, तो वे इस मुद्दे पर सीधे जवाब देने से बचते नजर आए। ऐसा नहीं है की इससे पूर्व भी बालाघाट मे हो रही अवैध वसूली की जानकारी इन्हे न दी गयी हो, परन्तु उस वक्त भी कार्यवाही की बात की गयी मगर किसी प्रकार की कार्यवाही आर टी ओ प्रभारी पर होती नहीं दिखाई दी l इससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।
परिवहन विभाग पर बड़ा सवाल : अब सवाल यह है कि अगर वसूली करने वाले लोग परिवहन विभाग के कर्मचारी नहीं हैं, तो फिर सरकारी वर्दी और सरकारी गाड़ियों में खुलेआम वसूली करते घूम रहे हैं ये लोग कौन हैं? और क्या इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई होगी? फिलहाल, इस मामले ने बालाघाट के परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

