नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर बढ़ते संकट और सप्लाई चेन पर हो रहे असर के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में देश में फर्टिलाइजर, खाद्य सामग्री और कृषि से जुड़े जरूरी संसाधनों की उपलब्धता और उनके प्रभावी वितरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें वर्तमान हालात को देखते हुए आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद देश में किसानों को किसी भी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़े, यह सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में विशेष रूप से उर्वरकों की उपलब्धता पर ध्यान केंद्रित किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि राज्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समय पर खाद की सप्लाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।
साथ ही बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में वैश्विक परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और जरूरत के अनुसार नीतिगत फैसले लिए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों और आम जनता पर किसी भी प्रकार का नकारात्मक प्रभाव न पड़े।

