तिरुवनंतपुरम। महाकुंभ से चर्चा में आई मोनालिसा भोसले की शादी अब गंभीर कानूनी विवाद में बदल गई है। जांच में सामने आया है कि शादी के समय वह नाबालिग थी, जिसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने उसके पति फर्मान खान के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस खुलासे के बाद पूरे मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोर ली हैं।
दस्तावेजों पर उठें सवाल
जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की जांच के दौरान दावा किया गया कि मोनालिसा की जन्मतिथि 30 दिसंबर 2009 है, यानी शादी के वक्त उसकी उम्र करीब 16 साल थी। आयोग ने यह भी आशंका जताई है कि विवाह को वैध दिखाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। अब इस एंगल से भी जांच तेज कर दी गई है।
केरल में हुई थी शादी
बता दें यह शादी 11 मार्च को तिरुवनंतपुरम के पास पूवर स्थित एक मंदिर में संपन्न हुई थी। खास बात यह रही कि इस समारोह में कुछ राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी ने इसे और चर्चा में ला दिया था। उस समय इसे सामाजिक सौहार्द का उदाहरण बताया गया, लेकिन अब वही मामला जांच के घेरे में है।
बताया जा रहा है कि मोनालिसा (इंदौर) और फर्मान खान (महाराष्ट्र) के बीच करीब डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया के जरिए संपर्क हुआ था। अंतरधार्मिक संबंध होने के कारण दोनों ने विरोध से बचने के लिए केरल में शादी करने का फैसला लिया।
प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल
वहीं शादी से पहले दंपति ने पुलिस से सुरक्षा मांगी थी और लड़की को बालिग बताया गया था। अब नाबालिग होने के खुलासे के बाद स्थानीय पुलिस, प्रशासन और इस विवाह को समर्थन देने वाले लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आयोग ने दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों को तलब कर जवाब मांगा है।

