इंदौर। इंदौर नगर निगम की बैठक में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़े राजनीतिक टकराव में बदल गया है। कांग्रेस पार्षदों द्वारा राष्ट्रगीत गाने से इनकार करने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है और अब एफआईआर दर्ज होने की तैयारी चल रही है। एमजी रोड थाना पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। परिषद हॉल के वीडियो फुटेज और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। बीजेपी पार्षदों के बयान दर्ज होने के बाद पुलिस कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसके आधार पर आगे कार्रवाई तय होगी।
CM का कांग्रेस पर तीखा हमला
बता दें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा- कि राष्ट्रगीत का अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता और पार्टी नेतृत्व को अपने प्रतिनिधियों के आचरण पर जवाब देना चाहिए।

साथ ही संभागायुक्त स्तर पर भी मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्षदों की सदस्यता समाप्त करने की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है।
बीजेपी नेताओं ने इसे राष्ट्र सम्मान से जोड़ते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है, जबकि कांग्रेस की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से स्पष्ट रुख सामने नहीं आया है।
विवादित बयानों से बढ़ा सामाजिक तनाव
वहीं इस विवाद ने तब और तूल पकड़ लिया जब सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयान सामने आए। कुछ संगठनों द्वारा विवादित पोस्ट और इनाम की घोषणा ने शहर का माहौल और संवेदनशील बना दिया है, जिस पर प्रशासन नजर बनाए हुए है।

