नबरंगपुर। ओडिशा के नबरंगपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसे सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे अपराध का पर्दाफाश किसी जांच एजेंसी ने नहीं,बल्कि आरोपी के 4 साल के मासूम बेटे ने किया। बच्चे के एक वाक्य- “मम्मी टॉयलेट टैंक में हैं” ने पूरे गांव को सन्न कर दिया।
कैसे बढ़ा मामला
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सुभाष गोंड अपनी पत्नी मोनेई और बच्चों के साथ एक शादी समारोह से लौटा था। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान सुभाष ने गुस्से में आकर बच्चों के सामने ही अपनी पत्नी की हत्या कर दी।
आधी रात का खौफनाक प्लान
बता दें हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए साजिश रची। रात के अंधेरे में उसने शव को घसीटकर घर के टॉयलेट के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया और अगले दिन गांववालों को बताया कि उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई है। उसने खुद को दुखी दिखाने की कोशिश भी की, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
मासूम की सच्चाई ने खोला राज
जब गांववाले महिला के बारे में सवाल पूछ रहे थे, तभी आरोपी का 4 साल का बेटा अचानक बोल पड़ा- “मम्मी टॉयलेट टैंक में हैं, पापा ने उन्हें मार दिया।” बच्चे की इस बात ने सभी को चौंका दिया। जिसके बाद गाँववालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना के बाद रायघर पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात सेप्टिक टैंक से महिला का शव बरामद किया। इसके बाद आरोपी पति सुभाष को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की गई। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी।
यह मामला न सिर्फ एक जघन्य अपराध है, बल्कि घरेलू हिंसा और मानसिक तनाव की गंभीर तस्वीर भी सामने लाता है। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।

