ठाणे के रैता ब्रिज पर मौत का मंजर, कुछ ही सेकंड में उजड़ गए कई परिवार

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुर्बाड इलाके में एक खौफनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। गोविली गांव के पास स्थित रैता ब्रिज पर यात्रियों से भरी एक वैन और सीमेंट मिक्सर ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद वैन पूरी तरह चकनाचूर हो गई और अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला।

तेज रफ्तार बनी मौत की वजह

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और ब्रिज पर अचानक आमने-सामने आ गए। जोरदार टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि वैन रोज की तरह कल्याण से मुर्बाड की ओर जा रही थी, जिसमें 12-13 यात्री सवार थे।

पहचान की प्रक्रिया जारी

जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वालों में 8 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। अब तक 6 मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि बाकी की शिनाख्त जारी है। दो गंभीर घायलों को तुरंत उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उनका इलाज जारी है।

वहीं हादसे के बाद कल्याण-अहिल्यानगर मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *