मैनपुरी। अंबेडकर जयंती के मौके पर मैनपुरी पहुंचीं समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने श्रमिकों के मुद्दे को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और इसके बाद नोएडा में हुए श्रमिक प्रदर्शन को सरकार की नीतिगत विफलता से जोड़ते हुए कहा कि- आम जनता की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
सड़कों पर उतरे श्रमिक
बता दें नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले फैक्ट्री कर्मचारियों द्वारा लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी और बेहतर कार्य स्थितियों की मांग की जा रही थी। जब इन मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो श्रमिकों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। प्रदर्शन के उग्र होने पर पुलिस ने सख्ती दिखाई और 200 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया, जिससे मामला और गरमा गया।
“सरकार सुनती नहीं, सिर्फ चुप रहती है” — डिंपल यादव
सरकार पर निशाना साधते हुए डिंपल यादव ने कहा कि- “जब भी जनता अपनी समस्याएं लेकर सामने आती है, तो सरकार या तो मौन धारण कर लेती है या फिर अनदेखा कर देती है। उनके अनुसार, अगर समय रहते श्रमिकों की बात सुनी जाती, तो हालात इतने बिगड़ते नहीं। उन्होंने इस पूरी स्थिति के लिए सरकार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया।”
साथ ही सांसद ने केंद्र सरकार के रवैये पर भी सवाल उठाए और कहा कि- “सत्ता पक्ष की भाषा और व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। संसद के भीतर भी विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जाती है, जो लोकतंत्र के लिए सही संकेत नहीं है।”
वहीं महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए डिंपल यादव ने कहा कि- “उनकी पार्टी महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में है, लेकिन आरक्षण के भीतर भी सामाजिक संतुलन जरूरी है। अगर पिछड़े और वंचित वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिला, तो सामाजिक असंतुलन और गहरा सकता है।”


