भोपाल की खुशी राय और चांदनी रही टापर
भोपाल। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार (15 अप्रैल) को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में रिजल्ट जारी किया। इस वर्ष का परिणाम पिछले 16 वर्षों में सबसे बेहतर रहा है।
इस बार भी छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है। भोपाल की खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। दोनों ने 500 में से 494 अंक प्राप्त किए हैं। खुशी राय, शिवाजी नगर स्थित सुभाष एक्सीलेंस स्कूल की छात्रा हैं, जबकि चांदनी विश्वकर्मा गुरुदेव शिक्षा केन्द्र, नीलबड़ (भोपाल) की छात्रा हैं।
द्वितीय अवसर परीक्षा 7 मई को होगी
नई शिक्षा नीति के तहत 7 मई 2026 से द्वितीय अवसर परीक्षा आयोजित की जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 18002330175 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
12वीं रिजल्ट की खास बातें
- छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 79.41प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का 72.39 प्रतिशत रहा।
- नियमित छात्रों का पास प्रतिशत 76.01 प्रतिशत रहा, जबकि स्वाध्यायी छात्रों का रिजल्ट 30.60 प्रतिशत दर्ज किया गया।
- जिलों में झाबुआ पहले और अनूपपुर दूसरे स्थान पर रहा।
- किसी भी छात्र को पूरक घोषित नहीं किया गया, करीब 1 लाख 99 हजार छात्र फेल हुए हैं।
- सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 80.4 प्रतिशत रहा। यह प्राइवेट स्कूलों के 69.67प्रतिशत से काफी ज्यादा है।
10 फरवरी से 7 मार्च तक हुई थी परीक्षा
मप्र बोर्ड की हायर सेकेंडरी परीक्षा 10 फरवरी से 7 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 6,89,746 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 6,13,634 नियमित और 76,112 स्वाध्यायी परीक्षार्थी थे।


