किरनापुर। बालाघाट की किरनापुर जनपद पंचायत कार्यालय में जाँच के दौरान हुए विवाद का मामला अब जिला स्तर तक पहुँच गया है। ग्राम पंचायत देवगांव के सरपंच लक्ष्मण बेले पर लगे अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर शिकायतकर्ता ने अब जिला कलेक्टर मृणाल मीना को लिखित शिकायत सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
VIDEO के बाद मामला हुआ गंभीर
बता दें जाँच के दौरान हुए विवाद का कथित वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ ली है। शिकायतकर्ता का दावा है कि वीडियो में सरपंच का आक्रामक व्यवहार स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। यह वीडियो अब जांच में मुख्य साक्ष्य के रूप में सामने आया है, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है।
कलेक्टर से सीधी शिकायत
वहीं शिकायतकर्ता ने अब सीधे जिला कलेक्टर मृणाल मीना को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि पंचायत में अनियमितताएं हुई हैं, जाँच के दौरान अभद्रता और गाली-गलौज की गई और प्रशासनिक कार्य में बाधा डालने की कोशिश हुई। साथ ही आवेदन में मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई है।
पुलिस और प्रशासन दोनों एक्टिव
जानकारी के मुताबिक, थाना किरनापुर में पहले से दर्ज शिकायत के बाद पुलिस जांच शुरू की गई। अब कलेक्टर स्तर पर शिकायत पहुँचने से प्रशासनिक जांच भी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
शिकायत में सरपंच पर सिर्फ अभद्र व्यवहार ही नहीं, बल्कि कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के भी आरोप लगाए गए हैं। इससे मामला अब केवल एक विवाद नहीं, बल्कि प्रशासनिक और वित्तीय जांच का विषय बन गया है।
कलेक्टर पर टिकी जनता की नजरें
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब क्षेत्र की जनता की नजर जिला कलेक्टर मृणाल मीना की कार्रवाई पर टिकी हुई है। क्या इस मामले में निष्पक्ष जांच होगी?,क्या दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी,या मामला समय के साथ दब जाएगा?
किरनापुर जनपद पंचायत का यह विवाद अब जिले का बड़ा मुद्दा बन चुका है। शिकायत कलेक्टर तक पहुँचने के बाद यह स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में इस मामले में बड़े खुलासे और कार्रवाई संभव है।

