कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा एक मामूली पारिवारिक विवाद ने उस वक्त खतरनाक मोड़ ले लिया जब एक युवक ने गुस्से में अपनी जान दांव पर लगा दी। कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र में युवक 220 केवी के चालू हाई टेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना न सिर्फ चौंकाने वाली थी, बल्कि कुछ पलों के लिए हर किसी की सांसें थाम देने वाली भी बन गई।
शादी समारोह में शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ग्राम सैला निवासी केवल सिंह एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया। युवक ने पत्नी से घर लौटने को कहा, लेकिन पत्नी के इनकार के बाद मामला बढ़ गया और गुस्से में युवक वहां से निकल गया।
गुस्से में जंगल की ओर गया, फिर चढ़ गया टावर
विवाद के बाद युवक सीधे जंगल की ओर चला गया। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने देखा कि वह पास ही लगे हाई टेंशन बिजली टावर पर चढ़ रहा है। टावर में 220KV बिजली सप्लाई चालू थी, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई।
युवक टावर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया और वहीं बैठ गया। नीचे खड़े लोगों में दहशत फैल गई। जरा सी चूक उसकी जान ले सकती थी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दिखाई समझदारी
सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई खांडे और उनकी टीम ने बेहद सतर्कता के साथ युवक से बातचीत शुरू की। कई घंटों तक उसे शांत करने और नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की गई।
इस दौरान युवक ने प्यास लगने की बात कही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने जोखिम उठाते हुए टावर तक पानी पहुंचाया। यह कदम न सिर्फ साहसिक था, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता का भी उदाहरण बना।
लगातार समझाइश और धैर्य के बाद आखिरकार युवक मान गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। बाद में उसे समझाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम में राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया कि छोटे-छोटे विवाद किस तरह गंभीर स्थिति पैदा कर सकते हैं।

