उज्जैन। ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच उज्जैन का एक जैन परिवार शारजाह में फंस गया था। कठिन हालात में परिवार ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सहायता की अपील की, जिसके बाद विशेष प्रयासों से परिवार की सुरक्षित भारत वापसी संभव हो सकी।
उज्जैन निवासी अशोक तल्लेरा अपनी पत्नी संगीता तल्लेरा, पुत्र श्रेयांस, बहू अंजली और दो वर्षीय बच्ची के साथ 23 फरवरी को इंदौर से शारजाह गए थे। उनकी वापसी की उड़ान एक मार्च को निर्धारित थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण कई उड़ानें रद्द हो गईं और परिवार शारजाह में ही फंस गया।
परिवार ने पहले भारतीय दूतावास से संपर्क कर स्वदेश लौटने का प्रयास किया, लेकिन उड़ानों में लंबी प्रतीक्षा सूची होने के कारण तत्काल वापसी संभव नहीं हो पा रही थी। इसके बाद परिवार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से संपर्क किया। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित पहल की और विशेष प्रयासों के माध्यम से परिवार की भारत वापसी सुनिश्चित करवाई। शनिवार को मुख्यमंत्री के उज्जैन आगमन के दौरान तल्लेरा परिवार ने विशेष अतिथि गृह पहुंचकर उनका अभिनंदन किया और आभार व्यक्त किया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि मुख्यमंत्री की सक्रिय पहल के कारण ही वे सुरक्षित अपने घर लौट पाए।
युद्ध के बीच शारजाह में फंसा उज्जैन के परिवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहल से हुई सुरक्षित स्वदेश वापसी


