Tuesday, November 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news60 की उम्र में रिटायर्ड IRS अधिकारी का साइकिल से सफर: रोज...

60 की उम्र में रिटायर्ड IRS अधिकारी का साइकिल से सफर: रोज 100 KM चलकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक पहुंचने का लक्ष्य

इंदौर: 60 साल की उम्र में जहां लोग आराम करना पसंद करते हैं, वहीं लुधियाना के रिटायर्ड IRS अधिकारी राजीव कौशल साइकिल से देश की यात्रा पर निकले हैं। उनका लक्ष्य कश्मीर से कन्याकुमारी तक का सफर तय करना है। रोजाना करीब 100 किलोमीटर साइकिल चलाकर वे अपने मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं।

सोमवार को राजीव कौशल इंदौर पहुंचे और रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार सुबह फिर अपनी मंजिल की ओर रवाना हो गए। उम्र को मात देता उनका यह जज्बा लोगों के लिए प्रेरणा बन रहा है।

यात्रा 10 दिसंबर को पूरी होगी

1 नवंबर से शुरू हुई उनकी यह यात्रा 10 दिसंबर को पूरी होगी। इसी दिन उनका 61वां जन्मदिन है। वे रोजाना औसतन 100 किलोमीटर साइकिल चला रहे हैं। कभी 70 तो कभी 120 किलोमीटर तक का सफर तय करते हैं।

राजीव का कहना है कि वे इस उम्र में खुद को चुनौती देना चाहते हैं और जानना चाहते हैं कि जीवन के इस पड़ाव पर अभी क्या-क्या संभव है। उनके लिए यह सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर नए अनुभव हासिल करने का मौका है।

 100 KM साइकिल चलाकर पहुंचे थे लुधियाना

राजीव को बचपन से ही अनजाने रास्तों पर जाने और कुछ अलग करने का शौक रहा है। 1985-86 में करीब 20 साल की उम्र में एक फिल्म देखने के लिए वे साइकिल से लगभग 100 किलोमीटर दूर लुधियाना पहुंच गए थे। बाद में विदेश से आने वाले युवाओं को साइकिल से लंबी यात्राएं करते देखकर उनकी भी ऐसी यात्रा करने की इच्छा हुई।

2018 में लेह में काम के दौरान अलग-अलग जगहों से पहुंचे यात्रियों से मुलाकात ने इस रुचि को फिर बढ़ाया। करीब डेढ़ साल पहले उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक साइकिल यात्रा का फैसला किया। ड्रीम बाइकर्स क्लब के डॉक्टर भगवंत सिंह और डॉक्टर धनवंत सिंह के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग और तैयारी की। पत्नी ने भी उनके फैसले का पूरा समर्थन किया।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में मनचले की धमकी से 9वीं की छात्रा ने छोड़ा स्कूल: बात नहीं करने पर बहनों को मरवाने की दी धमकी

अनुशासन के बिना लक्ष्य हासिल करना मुश्किल है

राजीव का मानना है कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए जिम्मेदारी लेना जरूरी है। 2021 में दो डिवीजनों का कार्यभार संभालने के दौरान भी उन्होंने कर्मचारियों को तनावमुक्त माहौल देने पर जोर दिया था।

युवाओं को उनका संदेश है कि वे अपने शरीर, स्वास्थ्य, मन और पढ़ाई की जिम्मेदारी खुद लें। अनुशासन के बिना लक्ष्य हासिल करना मुश्किल है।

राजीव कहते हैं, ‘क्यों डरें जिंदगी में क्या होगा, कुछ न होगा तो तजुर्बा होगा।’ यही सोच उन्हें 60 साल की उम्र में भी नए रास्तों पर निकलने और खुद को चुनौती देने की प्रेरणा दे रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन